
जबलपुर। शहर में बढ़ते अपराधों और खुलेआम चल रहे अवैध अड्डों पर कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को एसपी शशिकांत शुक्ला को आइना दिखाया तो वे टैश में आ गए। कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए वे उनकी कार में ही सवार हो गए और कहां कि मुझे दिखाएं कहां हो रहा है अपराध...? इस पर कांग्रेस नेता फौरन एसपी को लेकर ब्योहारबाग में पांडे अस्पताल के पास पहुंचे। जहां सडक़ किनार गुमठियों में खुलेआम सट्टा-पट्टी लिखी व काटी जा रही थी। एसपी ने छापेमारी करते हुए मौके से सट्टा खिलाने और खेलने वाले तीन युवकों को पकड़ा। खुलेआम सट्टे के अड्डे चलने से नाराज एसपी ने मौके से ही बेलबाग थाना प्रभारी एचआर पांडे को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। अचानक एसपी के सडक़ पर उतरने से पुलिस महकमे से लेकर अपराधियों में हडक़ंप की स्थिति बन गई।
नोकझोंक से बढ़ी बात
कांग्रेस पार्षद विनय सक्सेना, राजेश सोनकर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार को दोपहर बाद पुलिस अधीक्षक से शहर में बढ़ रही लूट, डकैती, हत्या की घटनाओं को रोकने के लिए ज्ञापन देने गए थे। करीब आधा घंटे के इंतजार के बाद भी जब एसपी मिलने नहीं आए तो उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर एसपी झल्लाते हुए बाहर आए और कांग्रेस नेताओं को चुनौती दी कि वे सिर्फ शिकायत न करें। हिम्मत है तो प्रमाण दें। इसी बीच ताव-ताव में एसपी कांग्रेस नेता विनय सक्सेना की कार में बैठ गए और बोले कि दिखाए कहा अपराधिक गतिविधि चल रही है। इसके बाद ब्योहार बाग में छापेमारी हुई।
पुलिस के सामने भागे बदमाश
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उनके वाहन के पीछे पुलिस के कई वाहन कतार में आ गए। इससे जैसे ही वे जुआ-सट्टे के अड्डे पर पहुंचे तो कई बदमाश पुलिस की गाडिय़ां देखते ही भाग गए। आपाधापी के बीच पुलिस ने करीब सट्टे के अड्डे से करीब 6 लोगों को पकड़ा। लेकिन 3 लोग पुलिस कर्मियों से हाथ छुड़ाकर भाग गए। इस दौरान अपराधियों को दबोचने के लिए एसपी खुद भी दौड़े और उनका पीछाकर पकड़ा।
...और फूल गई कप्तान की सांस
ब्योहारबाग में छापे के बाद पुलिस अधीक्षक ने कांग्रेस नेताओं से पूछा कि आगे और कहां चलना है। इस पर गाड़ी बढ़ी ही थी कि एसपी का मूड बदल गया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से शहर में अवैध गतिविधियों के अड्डे की सूची देने को कहा। उस पर खुद कार्रवाई की बात कही। इसके बाद एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी कार्यालय वापस लौट गए।
कांग्रेस पार्षदों का आरोप
कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि ब्योहाबार, घमापुर, भरतीपुर, उजारपुरवा, रद्दी चौकी, अधारताल सहित शहर कई क्षेत्रों में खुलेआम अवैध शराब, स्मैक बिक रही है। पांडे हॉस्पिटल के पास जहां सटोरिए पकड़े गए है, वहां प्रतिदिन पुलिस का प्वाइंट लगता है। इसके बावजूद वहां पर अवैध गतिविधि संचालित हो रही थी। शिकायत करने पर बदमाश लोगों के घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देते हैं। पुलिस तमाशबीन बनी रहती है। इससे लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।