मौसम ले रहा करवट: धूप हो रही तल्ख, शाम को सर्द हवा में महसूस हुई ठंड
जबलपुर। फरवरी के अंत तक मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है। हालांकि दिन गर्म रहेंगे, लेकिन रातों को ठंड का एहसास होली तक बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार शहर में मौसम फिर करवट ले रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव निकल गया है। हल्के बादल छंटते ही शुक्रवार को आकाश साफ हो गया। तापमान में मामूली गिरावट आई। दिन में धूप से सर्दी कम रही। लेकिन शाम होते ही हवा में हल्की ठंडक महसूस हुई। दो-तीन दिन बाद मौसम में हल्का परिवर्तन आया।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को अधिकतम तापमानम 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। आद्र्रता सुबह के समय 72 और शाम को 39 प्रतिशत थी।
आज शुष्क रहेगा मौसम- मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर निकल चुका है। शुक्रवार को 2-3 किमी प्रतिघंटा की औसत गति से हवा चली। शनिवार को मौसम मुख्यत: शुष्क रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट बनी रह सकती है। मंगलवार को फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की सम्भावना है।