जबलपुर में 150 से अधिक युवकों के साथ मार्केटिंग कम्पनी ने की ठगी, कम्पनी के खिलाफ विजय नगर में शिकायत, एसपी के निर्देश पर जांच शुरू
जबलपुर। सुनहरे भविष्य के सपने दिखाकर एक चिटफंड कम्पनी ने कई युवाओं से पैसे ऐंठ लिए। कम्पनी मार्केटिंग चेन के तहत घरेलू सामान व कपड़े बिकवाती है और हर सदस्य को अपने नीचे लोगों को जोडऩे का टार्गेट देती है। पीडि़त युवकों से काम कराने के बाद भी कम्पनी ने पैसे नहीं दिए। यहां तक कि उनके द्वारा जमा किए गए पैसे भी लौटाने से इनकार कर दिया। पीडि़तों ने विजय नगर थाने में पहुंच कर शिकायत दी।
विजय नगर थाना प्रभारी ने बताया कि सौरभ अहिरवार सहित 10 युवकों ने शिकायत दी है। इसमें एकता मार्केट स्थित एक कम्पनी के खिलाफ ठगी का आरोप लगाया गया है। कम्पनी ट्रेनिंग और मार्केटिंग के नाम पर युवकों से 8500 से लेकर 5.31 लाख रुपए जमा कराया था। सौरभ को कम्पनी के बिजनेस में हिस्सेदार बनाने का झांसा देकर 5.31 लाख रुपए लिए थे। इसी तरह आकाश पटेल से 46 हजार, बबीता जायसवाल से 46 हजार, अमन बेन, करन बर्मन, गुलशन बट से 85-85 सौ रुपए जमा कराए थे। पैसे मांगने पर कम्पनी के अधिकारियों द्वारा धमकाया जा रहा है। मामले में एसपी के पास भी युवक पहुंचे थे।