जबलपुर

दहेज की बलिबेदी पर चढ़ गई एक और विवाहिता

-भाई को भेजा मैसेज और लगा ली आग

2 min read
Dec 30, 2020
Married woman commits suicide by setting fire

जबलपुर. दहेज की बलिबेदी पर एक और विवाहिता चढ़ गई। विवाहिता ने आग लगा कर जान दे दी। ऐसा करने से पहले उसने अपने भाई को मैसेज कर पति, ससुर व अन्य की कारस्तानी का उल्लेख जरूर कर दिया है।

विवाहिता ने भाई विपिन को किए मैसेज में लिखा, "भैया मेरे पति, ससुर और अन्य ने बेरहमी से मारपीट की है। यह लोग कार खरीदने के लिए रुपये मांग रहे है। मारपीट में तबीयत खराब हो गई है, दर्द सहन नहीं हो रहा है।" भाई विपिन कुछ समझ पाता, इससे पूर्व ही तकरीबन 8 बजे पूजा (विवाहिता) के ससुराल से फोन आया कि उसने आग लगा ली है। पूजा को उसके ससुराल वाले मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मंगलवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह आरोप पूजा के पिता बरेला बटई गांव निवासी लक्ष्मी प्रसाद श्रीपाल का है।

पुलिस से की शिकायत में पिता लक्ष्मी प्रसाद का आरोप है कि उसकी बेटी पूजा का विवाह लगभग तीन साल पहले दमोह सिंगपुर निवासी राजेंद्र से हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति राजेंद्र और ससुर घनश्याम आए दिन दहेज में 5 लाख रुपये और कार की मांग करते थे। उन्होंने बताया है कि पति और ससुर की मांग पूरी न होने पर पूजा के साथ मारपीट करते थे। दो - चार बार समझाने के बाद भी मारपीट करना नहीं छोड़ा। सोमवार को भी पूजा के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसे चोटें आई थी। पूजा ने मंगलवार सुबह अपने भाई विपिन को मोबाइल में मारपीट करने का मैसेज भी भेजा था।

पूजा के पिता का कहना है कि मैसेज आने के बाद उसके जलने की सूचना आई, जब वह पूजा के पास पहुंचे, तो उसने बोला था कि, पिताजी इन लोगों ने मुझे बहुत परेशान किया है इनको नहीं छोड़ना। शाम को पूजा की मौत हो गई। मामले की सूचना गढ़ा थाने में दी गई है। वहीं शव को पीएम के बाद सिंगपुर ले जा रहे है, जहां जबेरा थाने में भी शिकायत की जाएगी।

Published on:
30 Dec 2020 04:17 pm
Also Read
View All