
जबलपुर। एक शादीशुदा महिला संतान नहीं होने से परेशान थी। बच्चा हो जाएं इसलिए वह झाडफ़ूक कराने के लिए पास एक गांव में तांत्रिक के पास जाती थी। एक दिन वह तांत्रिक के पास जा रही थी, उसी दौरान गांव में रहने वाला उसका मुंहबोला भतीजा वहां आया। उसने उसे चाची-चाची कहते हुए उससे सड़क पर खड़े रहने का कारण पूछा। इसके बाद युवक ने महिला को घर तक छोडऩे का बोलकर बाइक पर बैठा लिया। लेकिन जंगल के बीच रास्ते में युवक की नीयत महिला पर खराब हो गई। उसने सूनसान जगह में बाइक खड़ी करके महिला को हवस का शिकार बनाया। उसके बाद जघंन्य तरीके से महिला की हत्या कर दी। इस मामले में पाटन पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
घर लौट रही थी महिला
पुलिस के अनुसार बेलखाडू के ग्राम छपरी में रहने वाली महिला का विवाह १३ साल पहले हुआ था। उनके बच्चे नहीं थे। जिस कारण 30 वर्षीय महिला झाडफ़ूंक कराने जाती थी। जिससे उसे बच्चे हो जाएं। ०७ नवंबर को भी वह घर से निकली थी। रास्ते में उसे गांव का 30 वर्षीय संजू चक्रवर्ती उर्फ सोनू मिला। उसने महिला को बाइक में बेलखाडू के मांडवा बस्ती में छोडऩे की बात कही। इसके बाद वह उसे बस्ती में छोड़कर जबलपुर चला गया। कुछ देर बाद सोनू लौटा, तो महिला उसे वहीं मिली। दोनों तांंत्रिक के पास पहुंचे। जहां तांत्रिक ने महिला को बच्चे न होने की बात कही। इससे महिला काफी निराश हो गई। वह सोनू के साथ घर लौटने के लिए निकल पड़ी।
सूनसान जगह पर ले गया
मांडवा बस्ती से अपने गांव छपरी लौटते वक्त आरोपित महिला के साथ मीठी-मीठी बातें करने लगा। महिला को बातों के जाल में फंसाकर वह उसे मेन रोड से करीब 200 मीटर अंदर तक ले गया। सागौना के घने जंगल में सूनसान जगह का फायदा उठाकर उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाएं। महिला ने रिश्तें का हवाला देते हुए उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मना।
महिला के जेवरात लूट लिए
पुलिस के अनुसार युवक की करतूत का महिला ने विरोध किया। उसने परिजनों को उसकी हरकत के बारे में बताने की बात कही। इस पर युवक नाराज हो गया। उसने पास पड़े पत्थर से महिला के सिर पर कई वार कर दिए। अचानक हुए वार से महिला संभल नहीं पायी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपित ने महिला के सारे जेवर भी उतार लिए और घर आ गया।
पुलिस को किया गुमराह
पाटन पुलिस को नजदीकी जंगल में महिला का शव मिला। उसके शिनाख्त छपरी के ग्रामीणों ने की। हत्या के कारणों की जांच के लिए जब पुलिस छपरी में उसके गांव पहुंची तो आरोपित पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। उसने आगे बढ़कर पुलिस को मृतका के बारे में जानकारी देने की कोशिश की ताकि कोई शक न करें। पुलिस को बताया कि उसने हत्या के पहले महिला को बेलखाडू जाते हुए देखा था। पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि सोनू ही महिला को साथ ले गया था। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की, तो उसने वारदात को अंजाम देने की बात कबूली। पुलिस ने आरोपित से लूटे गए जेवरात भी जब्त कर लिए हैं।