
जबलपुर। गुमशुदा पति को ढूंढ रही एक बच्चे की मां की फेसबुक पर एक युवक के साथ दोस्ती हो गई। यह दोस्ती जल्दी ही प्यार में बदल गई। खुद का आगरा का बताने वाले युवक ने चैटिंग के दौरान मीठी-मीठीं बातें करके शादीशुदा महिला को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। युवक ने महिला को शादी का वादा किया। दोनों एक-दूसरे के और करीब आ गए। प्यार परवान चढ़ा तो दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन गए। साल भर तक दोनों गुपचुप तरीके से अकेले में एक-दूसरे से मिलते रहे। इस बीच महिला ने एक दिन शादी की बात कही तो युवक ने मना कर दिया। महिला ने दबाव बनाया तो युवक उसे बंधक बनाकर मारपीट करने लगा। प्रेमी के चंगुल बचकर निकली शादीशुदा महिला ने शहर पहुंचने के बाद शुक्रवार को गोरखपुर थाना में प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
पांच से गुम है पति
पुलिस के अनुसार गोरखपुर थानांतर्गत रहने वाली एक महिला का पति करीब पांच साल से गुम है। पति की गुमशुदगी के बाद से वह अपने बेटे के साथ अकेले रह रही है। फेसबुक के जरिए वह आगरा निवासी नीरज शर्मा के संपर्क में आयी। फिर युवक ने दोस्ती कर शादी का झांसा दे साल भर तक महिला के साथ दुष्कर्म करता रहा। आखिरी में शादी से मना कर दिया। महिला की शिकायत पर आगरा निवासी नीरज के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
एक साल से दोस्ती
पुलिस के अनुसार शादीशुदा महिला की नीरज शर्मा से पिछले साल फेसबुक पर दोस्ती हुई। उसके बाद दोनों के बीच लगातार बातें होने लगी। इसके बाद नीरज 8 दिसंबर, 2017 को महिला से मिलने के लिए आगरा से जबलपुर आया। इस दौरान महिला ने उसे बताया कि वह शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। यह सुनने के बाद भी नीरज ने उसे शादी का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन गए।
बंधकर बनाकर मारपीट
नीरज के शादी की बात से इनकार करने पर महिला ने उसकी पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी। इससे घबराया युवक महिला को बहला-फुसला कर अपने साथ आगरा ले गया। जहां, उसने किसी विनीता नाम की महिला के घर पर चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा। महिला का आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसके साथ मारपीट की। उसे तरह-तरह से प्रताडि़त करके डराने की कोशिश की गई। पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराने के लिए धमकाया गया।
नागपुर की ट्रेन में बैठा दिया
पीडि़ता के अनुसार आगरा में उसे बंधक बनाकर दी जा रही यातनाओं से वह परेशान हो गई थी। इसके बाद उसने युवक से झूठ बोला कि वह उसके खिलाफ कोई शिकायत नहीं करेगी। इस पर युवक उसे कैद से आजाद करने राजी हो गया। 17 अप्रैल को वह आगरा से मुक्त हुई। इस दौरान आरोपित ने उसे आगरा से जबलपुर की बजाय नागपुर की ट्रेन में बिठा दिया। जिसके बाद वह भटकते हुए जैसे-तैसे जबलपुर पहुंची।