जबलपुर। बरेला-निवास रोड पर जीप में सवार एक नवविवाहिता के दिन-दहाड़े तीन बदमाशों द्वारा अपहरण किए जाने से सनसनी फैल गई। नवविवाहिता जीप पर सवार थी। अपने ससुर के साथ मायके से ससुराल जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार तीन युवक आए और उन्होंने जीप को रोककर, ड्राइवर और ससुर की आंखों में मिर्च पावडर झोंक दिया। इसके बाद कट्टे के बल पर तीन युवकों ने नवविवाहिता अगवा कर लिया। आरोपित महिला को जबरन एक बस में बैठाकर अपने साथ ले गए। बस का पीछा करते हुए नवविवाहिता के रिश्तेदार भी एम्पायर टॉकीज तक पहुंच गए। जहां, महिला को आरोपितों के कब्जे से मुक्त करा लिया गया। बरेला पुलिस ने पीडि़त नवविवाहिता सहित अन्य के बयान दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।