-बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद, घमापुर में प्रकरण दर्ज
जबलपुर। शोभापुर ब्रिज के नीचे तीन नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट करते हुए रेल कर्मी से 22 हजार रुपए नकद, दो पहिया वाहन और मोबाइल छीन लिया। बुधवार की रात हुई इस लूट की एफआईआर पुलिस ने गुरुवार देर रात तब दर्ज किया, जब आरोपी गिरफ्त में आ गए।
पुलिस के अनुसार लालमाटी मंदिर के पास रहने वाले अमित पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि वह रेलवे में गैंगमैन है। बुधवार की रात दोस्त रामू उर्फ अखिल के पास गया था। वहां से दो पहिया वाहन एमपी 20 एसके 3342 से घर लौट रहा था। शोभापुर ब्रिज के नीचे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया। तीनों ने मारपीट करते हुए उसका मोबाइल, जेब से 22 हजार रुपए और दो पहिया वाहन छीन कर धमकी देकर फरार हो गए। अमित के मुताबिक वह दहशत में आ गया था, इस कारण तुंरत शिकायत दर्ज नहीं कराने नहीं पहुंचा था।
घमापुर पुलिस ने लुटेरों को दबोचा-
घमापुर पुलिस ने इस लूट का 24 घंटे में खुलासा कर लिया। पुलिस ने मामले में वीकल रांझी निवासी शुभम स्वामी, वीएफजे रामनगर निवासी प्रीतम सिंह, शांति नगर वीकल मोड़ निवासी अंकित मसीह को गिरफ्तार कर मोबाइल, दो पहिया वाहन और 450 रुपए जब्त किए। शेष रकम आरोपियों ने खर्च कर दिए थे।