जबलपुर

weather update : सुबह उमस की गर्मी, दोपहर में बूंदाबांदी से बढ़ी उमस से परेशान हो रहे लोग

मौसम में आया मामूली परिवर्तन
2 min read
Sep 13, 2020
Feature image

जबलपुर। ट्रफ लाइन के तराई क्षेत्रों में नीचे की ओर आने के साथ ही आसमान में हल्के बादल बने हुए हैं। बादलों की चहलकदमी के साथ शनिवार को मौसम में मामूली परिवर्तन आया। लगातार मंडरा रहे बादलों ने सुबह के समय में उमस और चिपचिपी गर्मी बढ़ाई। दोपहर होते तक काले बादल झूमने लगे। कई दिन बादलों की कुछ मेहरबानी हुई और शहर में कहीं-कहीं दोपहर के समय बूंदाबांदी हुई। बारिश वाले काले घने बादल कुछ ही देर में छंट गए। लेकिन हल्के बादल शाम तक आसमान में छाए रहे। सूरज को झांकने से हल्के काले बादलों के रोकने से पारा ने भी ज्यादा उछल-कूद नहीं की। गर्मी बढऩे से सुबह के समय तापमान में करीब एक डिग्री की वृद्धि हुई। लेकिन शाम तक तापमान शुक्रवार के बराबर ही बना रहा। बारिश थमने के बाद शाम को उमस महसूस हुई। लेकिन हवा में नमी से रात को गर्मी का अहसास कुछ कम रहा।

अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस था। मामूली बदलाव के साथ शनिवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों स्तर पर तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 83 प्रतिशत और शाम को 85 प्रतिशत थीं7 उत्तर-पूर्वी हवा दो किमी प्रतिघंटा की गति से चलीं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार द्रोणिका और स्थानीय बादलों के प्रभाव से शनिवार को दिन में वर्षा हुई। सुबह से शाम 5.30 बजे के बीच 4.4 मिमी बारिश रेकॉर्ड की गई है। इसे मिलाकर जिले में अभी तक 986.7 मिमी वर्षा हो चुकी है। कुछ दिनों से अच्छी बारिश नहीं होने से पिछले वर्ष के मुकाबले इस सीजन में वर्षा फिर पिछड़ गई है। वर्ष 2019 में 12 सितंबर तक 1445.4 मिमी बारिश हो चुकी थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार को बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बनने की सम्भावना है। इससे अच्छी बारिश हो सकती है।

पानी की आवक बढ़ी, खोले बरगी डैम के चार गेट

जबलपुर. बरगी डैम के कैचमेट में रुक-रुककर बारिश होने के कारण पानी की आवक बढऩे पर शनिवार को सुबह 9 बजे डैम के चार और गेट खोल दिए गए। जल स्तर सुरक्षित सीमा तक बनाए रखने के लिए अब डैम के पांच गेट से पानी छोड़ा जा रहा है। डैम लबालब है और अतिरिक्त पानी की लगातार निकासी की जा रही है। इसके कारण नर्मदा तटों में जल स्तर बढ़ रहा है। ग्वारीघाट, तिलवाराघाट, लम्हेटाघाट से लेकर भेड़ाघाट में जल स्तर सामान्य के मुकाबले बढ़ गया है। तटवर्ती इलाकों के रहवासियोंं को तटों से दूर रहने कहा गया है।

यह है स्थिति
- 422.76 मीटर मौजूदा जलस्तर
- 422.76 मीटर अधिकतम जलभराव
- 17163 क्यूसेक पानी की आवक
- 13949 क्यूसेक पानी की निकासी
- 1 गेट खुला था डैम का पहले से
- 4 और गेट खोले गए सुबह 9 बजे

Published on:
13 Sept 2020 02:40 pm