
जबलपुर में बेटे को बचा रही मां मित्रा विश्वकर्मा- image patrika.com
mitra vishwakarma जबलपुर में एक युवक ने सरेआम सड़क पर अपनी मां को घसीटा। उसे थप्पड़ भी मारे। 8 अगस्त को रांझी इलाके में यह घटना हुई। युवक ने मां को बाल पकड़कर खींचा जिसका वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया जताई थी। इस कलयुगी बेटे के लिए भी मां की ममता कम नहीं हुई है। वह उसे बचाने की कोशिश कर रही है। बेटे को पकड़ने की कोशिश कर रही पुलिस से मां उसपर कोई कार्रवाई नहीं करने की गुहार लगा रही है। इतना ही नहीं, वह यह भी बोल रही है कि गलती मेरी ही थी।
75 साल की मित्रा विश्वकर्मा अशोक बिहार कॉलोनी में रहती हैं। उसके बेटे राजू ने मां को 6000 रुपए दिए थे। मित्रा विश्वकर्मा ने उनमें से 2000 रुपए जरूरी कामों पर खर्च कर दिए। इस राजू गुस्सा गया और उसने मां के बाल खींचकर सड़क पर घसीटा व मारपीट की।
बेटे से बचने के लिए मित्रा विश्वकर्मा ने बहुत कोशिश की और रोड पर दौड़ लगा दी। पर राजू नहीं माना और मां को पकड़कर घसीटने लगा। म़ित्रा विश्वकर्मा को राजू ने थप्पड़ भी मारे।
विवाद का मामला पुलिस तक पहुंच गया। इसकी भनक मिली तो राजू फरार हो गया। अब मां उसे बचाने का प्रयास कर रही है। बुजुर्ग मित्रा विश्वकर्मा थाने पहुंचीं और पुलिस से बेटे पर कोई कार्रवाई नहीं करने की गुहार लगाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों से हाथ जोड़कर कहा— “मुझे कुछ नहीं हुआ है, न कहीं खून निकला, न तो हाथ पैर टूटे …। मेरी ही गलती थी कि मैंने उसके रुपए खर्चा कर दिए।
मित्रा विश्वकर्मा ने टीआई से कहा है कि मेरा बेटा ही मेरे लिए सब कुछ है। वह जैसा भी है, मेरा बेटा है। उन्होंने अपने पड़ोसी पर भी मकान खाली कराने के आरोप लगाए हैं। मित्रा विश्वकर्मा ने कहा कि घर हड़पने के लिए पड़ोसी ने हमें फंसाया है।
मां मित्रा विश्वकर्मा के अनुसार कुछ लोग मेरा मकान हड़पने की साजिश करने में लगे हैं। इसलिए बेटे को फंसा रहे हैं। मित्रा विश्वकर्मा के अनुसार उन्हें परेशान किया जा रहा है ताकि हम मकान छोड़कर चले जाएं। करीब डेढ दशक से परेशान किया जा रहा है। इन्हीं लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किया। मित्रा विश्वकर्मा ने बेटे राजू के खिलाफ बयान देने से भी स्पष्ट इंकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी पड़ोसियों ने बेटे की शिकायत की थी। उसने मेरी साड़ी खींची थी, मुझे मारा नहीं।
Updated on:
11 Aug 2026 12:45 pm
Published on:
11 Aug 2026 12:07 pm
