जबलपुर

लापता युवक की तालाब में मिली लाश, हत्या की आशंका

-आखिरी बार लोटा लेकर निकला था तालाब की ओर, पीएम में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं, फीमर बोन और बिसरा प्रिजर्व किया

2 min read
patrika
Body of missing youth found in pond, bike missing

जबलपुर। पाटन थानांतर्गत भुवारा गांव निवासी 19 वर्षीय लापता युवक की गुरुवार सुबह तालाब में संदिग्ध हालत में लाश मिली। युवक की गुमशुदगी मामा ने थाने में बुधवार देर रात एक बजे दर्ज कराई थी। युवक के गले में किसी नुकीले वस्तु से चोट के निशान मिले हैं, लेकिन मौत उससे हुई या नहीं ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। युवक की लाश तालाब में ढाई फीट गहरे कीचड़ युक्त पानी में मिली। तालाब में सिंघाड़े की खेती की गई है। आखिरी बार वह लोटा लेकर तालाब की ओर जाते हुए देखा गया था। पीएम के बाद चिकित्सकों ने फीमर बोन और बिसरा प्रिजर्व कर लिया है।
10 वर्षों से मायके में रह रही है-
पाटन टीआई आसिफ इकबाल ने बताया कि भुवारा गांव निवासी संतोष उर्फ बबलू चक्रवर्ती के यहां पिछले 10 वर्षों से बहन अनीता प्रजापति बेटे सुदीप प्रजापति (19) के साथ रह रही थी। सुदीप मजदूरी करता है। बुधवार को वह खेत में कीटनाशक डालकर लौटा था। इसके बाद दो दोस्तों के साथ घूमने निकला था। उसके दोनों दोस्त तो वापस आ गए, लेकिन वह नहीं लौटा। पड़ोस में रहने वाली रिश्ते की नानी ने बताया कि उसे आखिरी बार 6.30 बजे घर से लोटा लेकर तालाब की ओर जाते हुए देखा था।
रात दस बजे से तलाश शुरू-
परिजन रात 10 बजे से उसको तलाशना शुरू किया। रात एक बजे थाने में पहुंच कर मामा संतोष चक्रवर्ती ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। सुबह गांव के लोगों ने उसकी तालाब में लाश देख शोर मचाया। मौके पर ट्रैकर डॉग और एफएसएल की टीम पहुंची थी। शव के ऊपर सिंघाड़े की लताएं मिली। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी ने लाश को वहां छिपाया होगा। पुलिस उसके साथ के कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पिता की हो चुकी है मौत-
सुदीप के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह मां के साथ ननिहाल में ही रह रहा था। मां अनीता ने उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने प्रकरण को जांच में लिया है। फीमर बोन और बिसरा को भोपाल व सागर भिजवाया जा रहा है। टीआई के मुताबिक प्रकरण संदिग्ध है। शार्ट-पीएम के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Updated on:
09 Oct 2020 01:13 pm
Published on:
09 Oct 2020 01:15 pm