मानसून मेहरबान, झमाझम बारिश से तर-बतर हुईं शहर की गलियां
जबलपुर . लम्बे समय बाद काले बादल शुक्रवार की शाम को झूम कर बरसे। सुबह से तेज धूप निकली रही। दोपहर बाद आसमान में काले घने बादलों की दस्तक हुई। शाम पांच से छ: बजे के बीच जोरदार बारिश हुई। बारिश ने जहां गर्मी व उमस से राहत दी। वहीं शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए। शुक्रवार को 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सत्र में अब तक 135 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। शनिवार सुबह भी बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली का खेल चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर तक बारिश हो सकती है। हवाओं में नमी है, लेकिन उमस भी महसूस हो रही है।
news fact- एक घंटे में सवा इंच झमाझम बारिश, गर्मी-उमस से राहत
यहां भरा पानी
मदनमहल अंडरब्रिज, दीक्षितपुरा, परसवाड़ा, शाहीनाका, पोलीपाथर, सिविक सेंटर, ग्वारीघाट रोड, मिलौनीगंज, मोतीनाला एवं चेरीताल में नाले चोक होने के कारण सडक़ों पर जल भराव हो गया है। जरा सी बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। नगर निगम के तैयारियों की पोल खुल गई। कई क्षेत्रों की बिजल कट गई थी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार उप्र की ओर गई मानसून की द्रोणिका मप्र की ओर शिफ्ट हुई है।
जबलपुर व आसपास के क्षेत्रों में 4 दिन तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है। 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली उत्तर हवा के कारण नमी बढ़ी। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 35.1 एवं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह की आद्र्रता 80 और शाम की आद्र्रता 65 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक आरके दत्ता ने बताया कि 4 दिन तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है।