
जबलपुर। शहर में पिछले चार दिनों से बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली का खेल चल रहा है। बारिश की बूंदें पडऩे से पारा तो कम हो जाता है, लेकिन उमस से लोगों की बेचैनी बढ़ जाती है। बुधवार शाम को गरज चमक के साथ शहर के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं भी चलीं। थोड़ी देर के लिए ठंडी हवाओं ने राहत तो दिलाई, लेकिन पूरी रात उमस ने परेशान कर दिया। गुरुवार सुबह भी धूप की चुभन के बजाये उमस से ज्यादा परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में जोरदार बारिश होने की संभावना है। मानसून प्रदेश में आ चुका है, लेकिन सक्रिय होने में अभी समय लगेगा।
बुधवार को दिनभर भीषण गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों को शाम को हुई हल्की बारिश से कुछ राहत मिली। २५ से ३० किमी प्रति प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी अंधड़ चलने और बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया। बुधवार को शहर के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई। देर रात तक घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर एवं आस-पास के क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश या तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है।
दोपहर में सड़कों पर आवाजाही हुई कम -
तेज धूप और उसम के कारण दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम रही। रात इतनी गर्म रही कि कूलर-पंखे चलाने पर भी नींद में खलल पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार भीषण गर्मी के बीच हल्की बारिश से नमी बढ़ेगी और लोगों की सेहत पर विपरीत असर पड़ सकता है।
अधिकतम तापमान 42 के पार
शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक ४२.१ डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक ३१.४ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम की आद्र्रता क्रमश: ४५ और २७ प्रतिशत रही। मौसम विभाग के वैज्ञानिक आरके दत्ता के अनुसार प्री मानसून की बारिश शुरू हो गई है। १२ जून तक जबलपुर में मानसून के पहुंचने की सम्भावना है।