MP News: तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर गए MP के इन पटवारियों ने चेतावनी दी है तीन दिन बाद करेंगे सामूहिक हड़ताल...
MP News: मध्य प्रदेश में एक साथ सैकड़ों पटवारियों ने अवकाश की घोषणा कर दी है। ये सभी पटवारी 22 अगस्त 2024 से 24 अगस्त 2024 तक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। वहीं अवकाश पर जाने वाले इन पटवारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो तीन दिन के बाद सभी पटवारी हड़ताल पर उतर जाएंगे।
दरअसल जिला प्रशासन द्वारा 5 पटवारियों के निलंबन के बाद जिले के 350 पटवारी 3 दिन के सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर गए इन पटवारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निलंबित पटवारियों को 3 दिन में बिना किसी शर्त के बहाल नहीं किया गया, तो जिले के सभी पटवारी हड़ताल पर चले जाएंगे।
बता दें कि जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने मंगलवार 20 अगस्त को राजस्व महाअभियान-2.0 के अंतर्गत नक्शा अद्यतन करने के कार्यों की पटवारीवार की समीक्षा की थी। इस दौरान इन पटवारियों के कार्यक्षेत्र में नक्शा अद्यतन कार्य की प्रगति काफी कम पाई गई।
कलेक्टर के निर्देश पर पांचों पटवारियों का निलंबन आदेश कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा के प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र आहके द्वारा जारी कर दिये गये हैं। कर्त्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवज्ञा के आरोप में निलंबित इन पाँचों पटवारियों को निलंबन काल के दौरान कार्यालय अधीक्षक भू-अभिलेख शाखा से संबद्ध किया गया है।
निलंबित पटवारियों में आधारताल तहसील में पदस्थ पटवारी नरेंद्र यादव, गोरखपुर तहसील में पदस्थ रजनी खटीक, मध्य प्रदेश की जबलपुर तहसील में पदस्थ सतीश रवि, शहपुरा तहसील में पदस्थ शिवेंद्र उड़करे एवं कुंडम तहसील में पदस्थ पटवारी स्वाति पटेल के नाम शामिल हैं।