
जबलपुर। सावन अपने अंतिम चरणों पर है। कुछ दिनों बाद ही उसकी विदाई होने वाला है। लेकिन उसकी झमाझम बारिश का इंतजार अब भी लोगों को हो रहा है। मौसम विभाग की हर भविष्यवाणी जबलपुर के मामले में फेल होती जा रही है। रविवार को भी धूप खिली है, उसम से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। ऐसे में बारिश की आज कोई भी उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
शहर में शनिवार को दिन में कुछ समय के लिए काले बादल मंडराए। शहर में कहीं-कहीं बारिश की बूंदें पड़ीं। शाम को बादलों की गडगड़़ाहट भी चंद मिनट के लिए हुई। लेकिन हवा का साथ नहीं मिलने से करीब आकर भी बादल नहीं बरसे। शनिवार को दिन में 0.4 मिमी बारिश रेकॉर्ड हुई है। इसके साथ सीजन में अभी तक शहर में 225.5 मिमी बारिश हो चुकी है। यह औसत से करीब चालीस प्रतिशत कम है। पिछले वर्ष की बात करें तो 25 जुलाई तक कुल 405.3 मिमी वर्षा हो चुकी थी।
पारा भी उछला : लगातार दो दिन तक बादलों की आवाजाही के बीच बारिश नहीं होने से पारे की चाल बदल गई है। शनिवार को पारे में एक से दो डिग्री तक का उछाल आया। नमी भरी हवा चलने से उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिली। शहर को तर करने वाली बारिश का इंतजार समाप्त नहीं हुआ। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस था। इसमें शनिवार को वृद्धि दर्ज की गई है। करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि हुई। यह 25.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। दोनों स्तर पर तापमान शनिवार को सामाय से दो डिग्री ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 87 प्रतिशत और शाम को 74 प्रतिशत थी। दक्षिण-पूर्वी हवा 3 किमी प्रतिघंटा की गति से चलीं।