जबलपुर

नौतपा 2020: सुबह से सूरज ने उगली आग, पारा @45 के पार पहुंचने को आतुर, कूलर-पंखे भी हुए फेल

नौतपा 2020: सुबह से सूरज ने उगली आग, पारा @45 के पार पहुंचने को आतुर, कूलर-पंखे भी हुए फेल
2 min read
May 26, 2020
weather.jpg
weather

जबलपुर। सूर्य ने रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ ही रौद्र रूप दिखाया। नौतपा के पहले ही दिन सोमवार को सूर्यादय के कुछ समय बाद सूर्य आग उगलने लगा। वहीं मंगलवार सुबह 10 बजे ही कड़ी धूप हो गई। पारा तेजी से चढ़ रहा है। आज पारा 45 डिग्री के आसपास जाने की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी हवा करीब 6 किमी प्रतिघंटा की गति से चली। इसने लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया। शहर के तेजी से तपने के साथ ही गर्म हवा की लपट चली। दोपहर 1 बजे तक हवा के गर्म होकर ऊपर पहुंचने के साथ स्थानीय बादल उभर आए। बादलों के आड़े आने से पारे की चाल धीमी पड़ गई। पारा नया रेकॉर्ड नहीं बना सका। हल्के बादलों से तीखी धूप से राहत तो मिली। लेकिन उमस बढऩे से शाम तक बेचैन करने वाली गर्मी हो गई। छत तपने से पंखों ने गर्म हवा फेंकी।

उमस बढऩे से ठंडी हवा देने वाले कूलर भी फेल हो गए। सीजन में पहली बार उमस और गर्मी से लोगों को पसीना निकला। बार-बार सूख रहे कंठों को तर करने के लिए लोग शीतल पेय ढूंढते रहे। मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिम विक्षोभ का असर आ रहा है। इसके प्रभाव से 28 मई से मौसम में कुछ परिवर्तन हो सकते हैं। लेकिन अभी आने वाले दो दिन में मौसम शुष्क रहने की सम्भावना की है। दोपहर बाद स्थानीय बादल आ सकते है। लेकिन तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच ही बने रहने का अनुमान है। इस दौरान अनेक स्थानों पर लू चलने की सम्भावना है।

गत वर्ष के नौतपा से तेज हुई शुरुआत
यह संयोग है कि पिछले साल और इस वर्ष नौतपा की तारीखें एक जैसी हैं। वर्ष 2019 के नौतपा के पहले दिन 25 मई को तापमान 41.7 डिग्री रेकॉर्ड हुआ था। यह नौतपा के दौरान सबसे कम था। इस अवधी में सबसे ज्यादा रेकॉर्ड तापमान 31 मई को 46.8 डिग्री सेल्सियस था। पिछले वर्ष के नौतपा के मुकाबले इस वर्ष नौतपा की शुरुआत तापमान में ज्यादा उछाल के साथ हुई है। पहले ही दिन सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 44.3 डिग्री रेकॉर्ड किया गया है। ये रविवार के अधिकतम 45 डिग्री सी के मुकाबले कम है। लेकिन न्यूनतम तापमान में रविवार के मुकाबले करीब दो डिग्री की वृद्धि हुई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 31.2 डिग्री सी दर्ज हुआ। आद्र्रता सुबह के समय 26 प्रतिशत और शाम को 16 प्रतिशत थी।

ऐसे चढ़ा पारा
सुबह 5.30 बजे: 31.2 डिग्री
सुबह 8.30 बजे: 34.8 डिग्री
सुबह 11.30 बजे: 41.6 डिग्री
दोपहर 2.30 बजे: 44.3 डिग्री

Published on:
26 May 2020 12:45 pm