
Operation Sindoor update : ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच संस्कारधानीवासी भी अपना नागरिक धर्म निभाने आतुर हैं। हर आयु वर्ग के लोग किसी न किसी रूप में देश के प्रति अपना योगदान देना चाहते हैं। सर्वाधिक जोश युवाओं में है। आपात समय में योगदान देने के लिए तैयार किए जाने वाले सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स बनने बढ़ी संख्या में युवा आगे आ रहे हैं। विभिन्न संगठनों ने भी जवानों के प्रति प्रतिबद्धता जताई है।
सिविल डिफेंस वालेंटियर्स की ट्रेनिंग लेने वालों की पहले संख्या नाममात्र होती थी। ताजा हालात में इसकी संख्या एकाएक बढ़ गई है। अब तक 400 से ज्यादा लोगों ने इसमें रजिस्ट्रेशन करवाया है। इधर, जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए कंट्रेाल रूम बनाए हैं। प्रशासनिक कामकाज प्रभावित नहीं हो, उसके लिए कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। सुरक्षा संस्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। रेलवे स्टेशन में संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा प्लान के संचालन और सुरक्षा मापदंडों को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर पर सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम ओर पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का लैंड लाइन नंबर - 0761-2623925 है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर कॉल कर आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा व बचाव में सहभागी बन सकते हैं।
शहर की सडक़ों पर शुक्रवार को देशभक्ति की अद्भुत लहर देखने को मिली। नगर निगम मुख्यालय से मालवीय चौक तक आयोजित भव्य तिरंगा मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हर हाथ में तिरंगा था और हर दिल में मातृभूमि के लिए गर्व, सम्मान और समर्पण का भाव। यह मार्च भारतीय सेना के समर्थन में, नगर निगम कांग्रेस पार्षद दल के आह्वान पर आयोजित किया गया। मालवीय चौक पर समापन में पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। मार्च की अगुवाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ शर्मा, विधायक लखन घनघोरिया, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, कौशल्या गोटिया, राजेश सोनकर, आजम अली, प्रमोद पटेल, गुड्डू नबी, अयोध्या तिवारी, बलविंदर मान, सत्येंद्र चौबे, कलीम खान, गुलाम हुसैन मौजूद रहे।
इधर राष्ट्र की वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सिविल डिफेंस यानी नागरिक सुरक्षा एक ऐसी व्यवस्था है जो युद्ध, प्राकृतिक आपदा, या अन्य आपातकालीन स्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, तथा समाज में व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम करती है। जबलपुर में होमगार्ड के जरिए वालेंटियर्स तैयार किए जाते हैं। आमतौर पर इसमें एनसीसी, एनएसएस और स्कूल-कॉलेज के छात्र एवं छात्राएं शामिल होते हैं। यदि कोई नागरिकों की सेवा करना चाहता है तो उसे ट्रेनिंग दी जा रही है। इसमें राइफल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाती है। इसी प्रकार युद्ध, बाढ़ और भूकंप आने पर किस प्रकार आम नागरिकों का बचाव करना है, इस के लिए वालेंटियर्स को प्रशिक्षण दिया जाता है।