जबलपुर में बोले पटवारी - मध्य प्रदेश में भी वोटों की धांधली.. उजागर करने के पहले वेबसाइट बंद
mp politics news : मध्यप्रदेश में भी बड़े स्तर पर वोटों की धांधली का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को जबलपुर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए आरोप को सही बताते हुए यह बात कही।
mp politics news
उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तरह यहां भी गड़बड़ी उजागर करना चाहते थे। इसका सोशल मीडिया (एक्स) पर मैसेज किया। इसके बाद राज्य चुनाव आयोग ने अपनी वेबसाइट बंद कर दी। उनका दावा है कि जबलपुर सहित प्रदेश की हर विधानसभा में 4 से 5 हजार घर ऐसे हैं, जहां एक ही पते पर 40 से लेकर 100 वोटर चिन्हित हैं।
पटवारी का दावा था कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा जीत रही है, वहां इन वोटर्स का हथियार की तरह उपयोग किया जा रहा है। इसके विरोध में प्रदेशभर में वोट चोरी सत्याग्रह कर रहे हैं। इसकी शुरूआत मंगलवार को रीवा से की गई। उन्होंने बताया कि प्रदेश के दूसरे शहरों में तीन दिन यह आंदोलन चलाएंगे। वहीं एक सप्ताह तक तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी के वोट से केंद्र सरकार सत्ता में आई है। चुनाव आयोग ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के नियम को लागू नहीं कर रहा है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के लिए काम कर रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हलफनामा मांगा जा रहा है जबकि उन्होंने सारे प्रमाण दिखाए हैं। राहुल गांधी ने गड़बडी उजागर की तो चुनाव आयोग के बजाय भाजपा नेता और प्रवक्ता आयोग की तरफ से बहस कर रहे हैं। राजनीतिक दल या कार्यकर्ता जानकारी मांगते हैं तो नहीं दी जाती। इसलिए वोट चोरी सत्याग्रह शुरू कर रहे हैं।