
जबलपुर। भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर अध्यक्ष शफीक उर्फ हीरा की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। हीरा पर अपने भाइयों जमीर एवं समीर के साथ मिलकर शुक्रवार को रजा चौक पर फर्नीचर व्यापारी पर प्राणघातक हमले का आरोप है। सूत्रों के अनुसार हमले को अंजाम देने के बाद भी भाजपा नेता विवाद के दौरान बीच बचाव करने वालों को धमका रहा है। घायल युवक पर दबाव बनाने के लिए हथकंडे अपना रहा है। वहीं, शनिवार को एक किशोरी की ओर से घायल सलमान और पुलिस पर गम्भीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या का प्रयास करने से मामला उलझ गया है।
घायल पर छेड़छाड़ का आरोप
रजा चौक पर शुक्रवार को हुए विवाद के शनिवार को अचानक सामने आयी एक किशोरी ने अस्पताल में भर्ती घायल युवक सलमान अंसारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। 11वीं में पढऩे वाली किशोरी की मां ने अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि एक माह से स्कूल-कोचिंग जाते वक्त सलमान और शोएब उसका पीछा करते थे। छेड़छाड़ करते थे। आरोपियों ने शुक्रवार को उसका रास्ता रोका और चाकू दिखाकर धमकाया था। इसकी शिकायत शाम को थाने में करने के लिए पहुंची तो पुलिस अधिकारियों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे व्यथित होकर उसने फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की। इसके बाद शनिवार को पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध भादंवि की धारा 341, 354, 354 (क) और पॉक्सो एक्ट 7, 8 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
नकद पुरस्कार घोषित
युवक पर हमले के आरोपी हीरा की गिरफ्तारी पर नकद पुरस्कार घोषित किया है। अधारताल थाने में छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज करने में विलम्ब का मामला सामने आया है। इसकी जांच की जा रही है। यदि लापरवाही मिली तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। शिकायत झूठी मिलने पर सम्बंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- अमित सिंह, पुलिस अधीक्षक