
जबलपुर। खेती जोखिम भरा उद्यम है, छोटे किसानों को सबसे ज्यादा मुसीबत का सामना करना पड़ता है। कई बार लाभ तो दूर की बात फसल चौपट होने पर बीज भी नहीं बचता। क्या खाएं, बच्चों को क्या खिलाएं। तेल, मसाला तक का संकट खड़ा हो जाता है। सीमांत किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा हर साल 5 एकड़ तक की जमीन वाले किसान के खाते में 6 रुपए जमा करने का निर्णय मुश्किल दिनों में बड़ी राहत पहुंचाएगा। वहीं केन्द्र सरकार का बजट कारोबार जगत के लिए फायदेमंद हो सकता है। रियल इस्टेट क्षेत्र के लिए दी गई छूट और मकान की खरीदी पर जीएसटी की दर कम करने के प्रस्ताव से लोगों के लिए घर खरीदना सरल होगा। रियल इस्टेट कारोबार से जुड़े अग्रवाल परिवार से जब बजट पर चर्चा की गई तो मिली जुली प्रतिक्रिया रही। उनका कहना था कि महिला और गरीबों के कल्याण के लिए अच्छे कदम उठाए गए हैं।
चौकीताल के किसान परिवार ने कहा
अतिवृष्टि, ओला, पाला या सूखा की स्थिति में फसल खराब होने पर तेल, मसाला खरीदना भी मुश्किल हो जाता है, ऐसे में 6 हजार रुपए की राशि खाता में जमा होने पर बड़ी राहत मिलेगी।
रोहिणी पटेल, किसान
हर प्रकार से परेशान हो जाने पर ही गरीब किसान आत्मघाती कदम उठाता है। ऐसे में सरकार ने सालाना एक निश्चित राशि किसान को देने का निर्णय लेकर अच्छी पहल की है।
दीपा पटेल, पत्नी
किसान क्रे डिट कार्ड से लोन लेने पर भुगतान के दौरान ब्याज का प्रतिशत कम करने से कृषकों को बड़ी राहत मिलेगी, सरकार ने बजट में सीमांत किसान का ख्याल रखा है।
घांसीराम पटेल, पिता
पशुपालन के लिए कर्ज लेने पर छूट का अच्छा निर्णय लिया गया है। इससे सीमांत किसान के सामने विकल्प होगा कि वह खेती के साथ में पशुपालन भी कर सकेगा, इससे आय बढ़ेगी।
पार्वती बाई, मां
रियल इस्टेट के लिए यह बजट अच्छा है। यह कारोबार प्रमोट होगा। दूसरी बार मकान खरीदने में ब्याज पर छूट का लाभ ग्राहक को मिलेगा। इसी तरह पीएम आवास योजना में 2.50 लाख रुपए की छूट की सीमा को भी 2021 कर दिया गया है।
गौरव अग्रवाल
गर्भवती महिलाओं के लिए 26 सप्ताह का मातृत्व अवकाश बेहतर कदम साबित होगा। इसी तरह प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में आर्थिक सहायता भी अच्छा कदम है। महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने का काम भी हो।
सुरभि अग्रवाल
ग्रामीण क्षेत्रों में डिजीटाइजेशन को बढ़ावा देने से शिक्षा का स्तर सुधरेगा। लोग तकनीकी रूप से संपन्न बन सकेंगे। बजट में डिजीटल गांव बनाने की पहल अच्छी है। इस पर गंभीरता से काम होना चाहिए।
श्वेता अग्रवाल
जिस तरह की घोषणाएं की गई है। उससे लोगों की बचत तो बढ़ेंगी। बचत का फायदा रियल इस्टेट सेक्टर को मिल सकता है। अभी लोगों को अपने घर के सपने के लिए बजट बनाना मुश्किल होता था।
दीपक अग्रवाल
महिलाओं के लिए उज्लवला योजना बेहतर साबित हुई है। सरकार ने आठ करोड़ अतिरिक्त कनेक्शन की बात कही है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को इससे ज्यादा फायदा मिलेगा।
इंदिरा अग्रवाल
महिलाओं में उद्यमिता बढ़ाने के लिए भी कुछ कदम उठाए जाने चाहिए थे। मुद्रा योजना में जरुर बताया गया है कि 70 फीसदी से ज्यादा लाभार्थी महिलाएं हैं। इसी तरह की पहल अन्य क्षेत्रों में होनी चाहिए।
आशा चड्ढा
रक्षा बजट बढ़ाने का फायदा रक्षा उत्पादन को हो सकता है। शहर के रक्षा संस्थान काम की कमी से जूझ रहे हैं। बजट से उन्हें वर्कलोड मिले, यह संभव हो सकता है।
सुरेन्द्र चड्ढा
मेरी सहानुभूति हमेशा गरीबों के लिए रहती है। उन्हें सस्ते दर पर अनाज उपलब्ध करवाने की योजना बेहतर साबित हुई है। इसमें दूसरी जरुरत की चीजें भी शामिल की जाएं।
सारा अग्रवाल