अरब सागर से आई हवा, छाए बादल रात तक बारिश होने की संभावना
जबलपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर के साथ अरब सागर की ओर से आई हवा से शुक्रवार को छाए बादलों ने सूरज का रास्ता रोक लिया है। कहीं कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। देर रात तक बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है। रात को पारा सामान्य बना रह सकता है। अगले दो दिनों में बारिश के साथ ठंड एक बार फिर लौटेगी। वहीं गुरुवार को आसमान में हल्के बादल मंडराते रहे। तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा बना रहा। हवा के रुख में सुबह-शाम परिवर्तन के साथ गति धीमी बनी रही। भोर में ठंड का मामूली असर रहा। बदले मौसम में गुरुवार को दोपहर के समय गर्म कपड़ों की भी आवश्यकता नहीं हुई।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 29.1 और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से पांच डिग्री सी ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री दर्ज हुआ। यह भी सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 87 प्रतिशत और शाम को 60 प्रतिशत थी।
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। सुबह के समय दक्षिण-पश्चिम हवा के कारण बादल बने रहे। दोपहर बाद 1-2 किमी प्रतिघंटा की गति से उत्तर-पूर्वी हवा चली। कम दबाव के क्षेत्र के कारण एक-दो दिन और बादल बने रह सकते हैं। उसके बाद आकाश साफ होते ही तापमान में गिरावट आएगी।