
कटनी। मप्र के जंगल वाइल्ड एनिमल्स के लिए सबसे बेहतर माने जाते हैं। यहां के जंगली जीवों में जो विविधताएं पाई जाती हैं, वे बहुत कम ही जगह देखने को मिला करती हैं। एक ऐसी ही बिल्ली इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। जो दुर्लभ प्रजाति की कही जाती है। इसे ट्रैप कैमरे में कैद किया गया है। इसे वन्य भाषा में इसे फिशिंग कैट के नाम से जाता है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कलवाह रेंज में लगे ट्रैप कैमरे में दुर्लभ प्रजाति के बाघ की तरह दिखने वाले फिशिंग कैट की तस्वीरें कैद हुई हैं। टाइगर रिजर्व में इनकी संख्या महज चार बताई जा रही है। टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्ट मृदुल पाठक ने फिशिंग कैट की कैद की गईं तस्वीरें पत्रिका को उपलब्ध कराई हैं।
उन्होंने बताया, यहां का क्लाइमेट ऐसा है कि कई दुर्लभ वन्य जीव की प्रजाति अपना कुनबा बढ़ा रहे हैं। फिशिंग कैट का भोजन मछली और चूहा है। फिशिंग कैट उपलब्धता में देश का सातवां बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को बताया गया है। हल्के भूरे रंग से सिलेटी रंग तक और ऊपर गाढ़ी काली धारियां वाली फिशिंग कैट में कंधे के ऊपर धारियां होती हैं। शेष शरीर में दोनों ओर अंडाकार काले धब्बे पाए जाते हैं। सिर में थोड़े नीचे की ओर गोलाकार कान और पीछे बाघ की तरह सफेद धब्बे पाए जाते हैं। गाल पर दो काले रंग की पट्टी दोनों कानों के बीच से कंधे के ऊपरी भाग तक चार पट्टियां बाघ सरीखी पाई जाती हैं।
फिशिंग कैट का निचला भाग बाघ की तरह सफेद होता है। गले पर दो लाइन पर काले धब्बे और पूंछ बिल्ली की तुलना में भारी और गुच्छेदार होती है। इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (आईयूसीएन) ने फिशिंग कैट को दुर्लभतम श्रेणी में रखा है। देश के दुधवा, कार्बेट, सुंदरवन, केवलादेव और रणथंभौर टाइगर रिजर्व में फिशिंग कैट देखे जाने के बाद २०१३ में कांजीरंगा टाइगर रिजर्व में भी यह नजर आया था।