जबलपुर

कोरोना में राहत: जबलपुर में चार नए कोविड सेंटर, होंगे 200 से ज्यादा बिस्तर

कोरोना में राहत: जबलपुर में चार नए कोविड सेंटर, होंगे 200 से ज्यादा बिस्तर
2 min read
• •
Updated: 18 Apr 2021, 1:43 PM IST
 Covid center in Jabalpur
Covid center in Jabalpur

जबलपुर। शहर में कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन और बिस्तर की कमी के बीच शनिवार को दो राहत भरी खबर आई। प्रशासनिक कवायद के बाद जिला अस्पताल में ऑक्सीजन के लिए एयर सेपरेशन यूनिट को तैयार कर लिया गया। कोरोना के प्रारंभिक लक्षण वाले मरीजों को आइसोलेट करने के लिए चार प्राथमिक कोविड उपचार केंद्र बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इन केंद्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। इससे अब जिले में कोरोना मरीजों के लिए 500 से ज्यादा नए बेड उपलब्ध होंगे। जिला अस्पताल कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन देने के लिए आत्मनिर्भर बन जाएगा। इनके अलावा दो और कोविड केयर सेंटर बनाने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

मुश्किलों के बीच राहत के आसार: जिला अस्पताल में ऑक्सीजन के लिए एयर सेपरेशन यूनिट तैयार

जल्द शुरू करने की कवायद
चार कोविड उपचार केंद्र बनाने के लिए जगह चिह्नित करने के साथ वहां बिस्तर, ऑक्सीजन, दवा, पेयजल, भोजन और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए है। इन्हें सभी व्यवस्थाएं जुटाकर कोविड उपचार केंद्र जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन शनिवार तक दो केंद्रों में काम शुरू नहीं हुआ था।

सात लाख लीटर ऑक्सीजन मिलेगी
जिला अस्पताल में एयर सेपरेशन यूनिट बनाने का काम शनिवार को पूरा हो गया। इसमें सामान्य हवा से ऑक्सीजन अलग करके सिलेंडर में भरने का ट्रायल भी किया गया। सब कुछ ठीक रहा और आवश्यक अनुमति मिल गई तो यूनिट सोमवार से ऑक्सीजन बनाने लगेगी। जानकारी के अनुसार इससे लगभग सात लाख लीटर ऑक्सीजन मिलेगी। अस्पताल में भर्ती लगभग 200 मरीजों को इसी यूनिट से ऑक्सीजन उपलब्ध होगी। दूसरे प्लांट पर भार कम होने पर अन्य अस्पतालों को ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ेगी।

125 और नए बेड
कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए इलाज के लिए दो और कोविड केयर सेंटर बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए पुलिस लाइन स्थित अस्पताल और विद्युत मंडल के रामपुर स्थित अस्पताल का अधिकारियों ने जायजा लिया है। जानकारी के अनुसार यहां-50-50 बिस्तरों का कोविड आइसोलेशन सेंटर बनाया जाएगा। मनमोहन नगर अस्पताल में भी कोविड मरीजों के लिए 25 और ऑक्सीजन बेड बढ़ाए जा रहे हैं।

Published on: