
जबलपुर। देवउठनी ग्यारस के शुभ मुहूर्त पर बाजार में आम दिनों की अपेक्षा बुधवार को ज्यादा उछाल रहा। कई घरों में शादियों के कारण उपहार के लिए छोटे-बड़े सामानों की खूब बिक्री हुई। सराफा, फर्नीचर, बर्तन बाजार में दिनभर चहल-पहल रही। परम्परागत चीजों का कारोबार भी खूब हुआ। नवरात्र से कारोबार को गति मिली हुई है। दीपावली पर यह उफान पर था। अब ज्यादातर खरीदारी शादियों के लिए हो रही है। अगले माह किसानों की फसल भी आ जाएगी, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र की ग्राहकी भी तेज हो जाएगी। कारोबार में तेजी से कोरोना के कारण चौपट हुई शहर की अर्थव्यवस्था अब पटरी पर आने लगी है। खरीदी करने बाजार पहुंचे लोगों का कहना है कि इस शहर में सबसे अच्छे सस्ते और सुंदर कपड़े, गिफ्ट आइटम से लेकर बाकी सामान भी मिल जाता है। आसपास के जिलों से भी लोग खरीदी करने इस शर में आते हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों की स्थिति
सराफा बाजार - ग्यारस पर सराफा बाजार में दिनभर चहल-पहल रही। शुभ मुहूर्त के कारण बड़ी संख्या में लोगों ने जेवर खरीदे। शादियों के कारण भी बड़ी संख्या में लोग खरीदी के लिए पहुंचे। हालांकि इनमें 70-80 फीसदी गहनों की बुकिंग पहले से थी।
ऑटोमोबाइल क्षेत्र - ऑटोमोबाइल क्षेत्र में मोटर साइकिल, स्कूटर की बिक्री सामान्य दिनों की अपेक्षा 25-30 गुना ज्यादा रही। ऐसी ही स्थिति कार बाजार में थी।
बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक बाजार- बर्तन बाजार में भी गुरुवार को उछाल रहा। रसोई में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की खूब खरीदी हुई। इसी प्रकार इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में भी करंट दौड़ा। टीवी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, ओवन और म्यूजिक सिस्टम आदि की बिक्री तेज रही ।
पूजन सामग्री खरीदने उमड़ी भीड़- ग्यारस पर सुबह से देर शाम तक पूजन लोगों ने पूजन सामग्री दीयों, बताशों, सिंघाड़ा, गन्ना, मूर्तियां, फल और मिठाई की खरीदारी की।