
जबलपुर. पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने सभी मातहतों और राजपत्रित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि, जिले में हर हाल में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए उचित विधिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने ताकीद किया है कि पुलिस या राजपत्रित अधिकारियों की ओर से ऐसी कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए जिससे पक्षपात की गंध आती हो। कार्रवाई पूरी तरह से निष्पक्ष होनी चाहिए।
अपराधियों पर जरूरत के मुताबिक हो सख्ती
पुलिस अधीक्षक बहुगुणा ने दुर्गापूजा के मद्देनजर शहर में अमन-चैन कायम रखने पर जोर दिया है। शरारती व अवांक्षनीय तत्वों की केस हिस्ट्री देखते हुए उन पर नजर रखी जाए। उन्हें पाबंद किया जाए। जरूरी हो तो जिला बदर या रासुका में निरुद्ध करने से न चूकें। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि महिलाओं, बच्चों, वृद्धों एवं समाज के कमजोर वर्गो के प्रति संवेदनशील रहते हुए इनके द्वारा की गई शिकायतों पर तत्काल विधिसंगत कार्रवाई करते हुये राहत पहुंचाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होना चाहिए। कार्रवाई निष्पक्ष एवं पारदर्शी होनी चाहिए।
समाज के हर वर्ग के लोगों से संवाद स्थापित करें
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एैसे मौकों पर कुछ अशांतिप्रिय एवं विध्नसंतोषी तत्व सक्रीय रहते हैं, जो पर्व के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करते है। ऐसे लोगो पर सतत निगाह रखें। कालोनी एवं मोहल्लों में प्रतिदिन भ्रमण करें, समाज के हर वर्ग के लोगों से संवाद स्थापित करें। इससे महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त होंगी जो आने वाले दिनों में शांति एंव कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होंगी। एैसे आसमाजिक तत्व जिनके संबंध में जरा भी अंदेशा है कि वो अशांति का वातावरण पैदा कर सकते है, ऐसे लोगों ो चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध उनके अपराधिक रिकार्ड के दृष्टिगत प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जैसे जिला बदर, एनएसए आदि करें। छोटी से छोटी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पहुंचे और विधि सम्मत कार्रवाई करें। किसी भी घटना को अनदेखा न करें। कार्रवाई निष्पक्ष हो इस बात का विशेष ध्यान रखें।
पूर्व में पकड़े गए अपराधियों पर रखें विशेष नजर
गुंडे बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध उनके आपराधिक रिकार्ड के दृष्टिगत प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाय। साथ ही पूर्व में पकड़े गए संपत्ति संबंधी अपराधियों की चेकिंग करते हुए उनके गुजर-बसर की जांच की जाय। प्रायः देखा गया है कि पूर्व में पकडे गए संपत्ति संबंधी अपराधियों के द्वारा ही घटनाएं की जाती है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सिद्धार्थ बहुगुणा पुलिस कंट्रोलरूम जबलपुर में शहरी क्षेत्र के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पूजा के मद्देनजर आयोजन समितियों से वार्ता कर सभी एहतियाती कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर शासन ने दुर्गोत्सव पर्व को लेकर निर्देश जारी किए है जिसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।।
पूजा समितियों संग बैठक कर बताएं शासन के दिशा निर्देश
शासन के दिशा निर्देश के तहत थानों में तैनात समस्त अधिकारी/कर्मचारियों को बताया जाय तथा दुर्गोत्सव समिति के आयोजकों से चर्चा कर सभी को अवगत कराया जाय। दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना के लिए शीघ्र ही पंडाल बनाए जाएंगे। ऐसे में सुनिश्चत कराएं कि बनाये जाने वाले सभी पंडाल परंपरागत हों। विवादित स्थल पर कोई नया पंडाल न बनने पाए। यह भी ध्यान रहे कि पंडाल से यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। साथ ही पंडाल के ऊपर से बिजली के तार न गुजर रहा हो। आयोजकों को सख्त हिदायत दी जाए कि बिजली की सजावट के दौरान कहीं भी नंगे तार न छूट जाएं। रोड को क्रास करती हुई विद्युत साज-सज्जा कतई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का कोई भी आयोजन/कार्यक्रम बिना अनुमति के नहीं होगा।
प्रतिमा विसर्जन के मार्ग दुरुस्त हों
विसर्जन स्थलों के संबध मे विसर्जन घाटो की साफ सफाई, विसर्जन स्थल तक पहुच मार्ग का दुरूस्तीकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नाविको की व्यवस्था, विसर्जन स्थल पर पार्किंग व्यवस्था के बाबत यथा संभव संबंधित विभाग से संपर्क कर त्वरित निराकरण कराना सुनिश्चित करा लें ताकि विसर्जन के दिन किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।
सरकारी वाहन हर हाल में हों दुरुस्त
उन्होंने कहा कि शासकीय वाहन हर हाल में दुरूस्त होने चाहिए, यदि उसमे कोई कमी है तो तत्काल ठीक करा लें। वाहनो का पीए सिस्टम चालू हालत मे हो, वाहनों में बलवा ड्रिल सामाग्री, टियर गैस, वीडियो कैमरा, टार्च रस्सा आवश्यक रूप से रखें। छोटी सी घटना की जानकारी भी लगती है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई करें, कार्रवाई कार्यवाही निष्पक्ष होनी चाहिए। हमारा प्रमुख उद्देश्य शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखना है इसमे किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होना चाहिए।
सार्वजनिक स्थल पर न हो शराबखोरी
पुलिस अधीक्षक ने ताकीद किया कि किसी भी सूरत में सार्वजनिक स्थल पर शराबखोरी नहीं होना चाहिए। प्रतिदिन शाम के समय ऐसे सार्वजनिक स्थान एवं शराब की दुकानें जिनके आस-पास शराबखोरी होती है भ्रमण करें। सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी मिलने पर वैधानिक कार्रवाई करें। जुआ-सट्टा नहीं होना चाहिए, वर्तमान में चल रहे आइपीएल के सट्टे पर भी कड़ी नजर रखें।
कोरोना के मद्देनजर हर सहयोगी का रखें खयाल
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के संबंध में थानें में तैनात अधिकारी/कर्मचारियो को प्रतिदिन गणना मे ब्रीफ किया जाय और चर्चा कर उनके स्वास्थ्य का हाल समाचर लिया जाए। संक्रमित अधिकारी/कर्मचारियों से प्रतिदिन बात करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित निदान करें।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उत्तर अगम जैन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध गोपाल प्रसाद खांडेल तथा शहर के सभी राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी शहर उपस्थित थे।