जबलपुर

जबलपुर में 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकती आंधी, बारिश के आसार

Storm alert : पश्चिमी विक्षोभ के असर से जबलपुर सहित सम्भाग के जिलों में मौसम बदला हुआ है।
2 min read
Apr 12, 2025
weather alert

Storm alert : पश्चिमी विक्षोभ के असर से जबलपुर सहित सम्भाग के जिलों में मौसम बदला हुआ है। शुक्रवार को जबलपुर में पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही। इसके चलते तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने शनिवार को जबलपुर सम्भाग के जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की सम्भावना जताई है। इसके चलते दिन-रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद आसमान खुलने से तापमान फिर तेजी से बढ़ेगा। शनिवार को जबलपुर में 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने या हल्की बारिश के आसार हैं।

MP Weather

Storm alert : तेज हवा ने कम किया गर्मी का असर

शुक्रवार को बादलों के बीच तेज धूप के चलते दिन के अधिकतम तापमान में हल्की बढ़त हुई। अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक था। तेज हवा के चलते गर्मी का प्रकोप कम रहा। रात के न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। न्यूनतम तापमान फिर 24.4 से गिरकर 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य था। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में सक्रिय है।

Storm alert : राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद

पंजाब पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना है। दक्षिणी पाकिस्तान और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद है। इसके असर से प्रदेश में बादल बारिश की स्थिति बन रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। 12 और 13 अप्रेल को जबलपुर सम्भाग के ज्यादातर जिलों में मौसम बदला रहेगा। दो दिन तक तेज गर्मी और लू से थोड़ी राहत मिलेगी। 14 अप्रेल के बाद फिर तापमान बढ़ेगा।