jabalpur Lake Festival : गर्मी की छुट्टियों में बरगी की वादियों में आयोजित होने वाले झील महोत्सव बच्चों के लिए रोमांचक होने वाला है।
jabalpur Lake Festival : गर्मी की छुट्टियों में बरगी की वादियों में आयोजित होने वाले झील महोत्सव बच्चों के लिए रोमांचक होने वाला है। वे वाटर स्पोर्ट्स, एयर स्पोर्ट्स व लैंड स्पोर्ट्स का लुत्फ उठा सकेंगे। इस सबके बीच आयोजकों के सामने पर्यटकों को गर्मी से बचाने की चुनौती होगी। दरअसल इस बार का झील महोत्सव समर स्पेशल होने वाला है।
तापमान बढ़ने के साथ दिन में गरम हवा लोगों को अभी से झुलसाने लगी है। इसे देखते हुए सुबह व शाम को 3-3 घंटे स्पोर्ट्स के आयोजन का निर्णय लिया है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जबलपुर पुरातत्व पर्यटन व संस्कृति परिषद झील महोत्सव का आयोजन करने जा रहे हैं। उनके सामने फंड को लेकर भी चुनौती है। दरअसल 9 साल पहले झील महोत्सव के आयोजन के लिए जबलपुर को शासन से 2 करोड़ रुपये का फंड मिला था। लेकिन इस बार आयोजन के लिए एमपी टूरिज्म बोर्ड से केवल 25 लाख रुपये की राशि ही मिली है।
झील महोत्सव मंडला जिले की सीमा के अंतिम गांव देवरी बकई के नर्मदा व्यू में आयोजित होगा। पर्यटक यहां क्रूज पर नाइट सफारी और हाउस बोट का लुत्फ उठा सकेंगे। बरगी बांध पर दो क्रूज चलाए जाएंगे जो पर्यटकों को एक घंटे बांध में नौका विहार कराएंगे। इस दौरान नगर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। क्रूज पर स्वादिष्ट व्यंजन की भी व्यवस्था की जाएगी। जल विहार के लिए एक हाउस बोट पर बरगी बांध में उतारा जाएगा जो खास अनुभव कराएगा।
समर सीजन को देखते हुए झील महोत्सव में स्पोर्ट्स गतिविधियों का आयोजन सुबह-शाम के समय 3-3 घंटे किया जाएगा, जिससे की पर्यटकों को गर्मी के कारण किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े।