जबलपुर

मप्र को बड़ी सौगात: इस शहर में बनेगा सेंट्रल स्कूल और टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट

मप्र को बड़ी सौगात: इस शहर में बनेगा सेंट्रल स्कूल और टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट  

2 min read
Feb 13, 2021
cancer hospital

जबलपुर। हाउबाग रेलवे स्टेशन की जमीन पर सेंट्रल स्कूल और टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट बनेगा। ये जानकारी शुक्रवार को पश्चिम मध्य रेल जोन महाप्रबंधक शैलेन्द्र सिंह ने दी। बीना मालखेड़ी-मुड़वारा रेलखंड का वार्षिक निरीक्षण करके लौटे महाप्रबंधक मुख्य स्टेशन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। महाप्रबंधक ने बताया कि हाउबाग में सेंट्रल स्कूल खोलने की योजना तैयार कर ली गई है। कैंसर हॉस्पिटल को लेकर टाटा समूह से बातचीत अंतिम चरण में है। समूह ने हॉस्पिटल के लिए हाउबाग की जमीन को प्राथमिकता दी है।

पमरे के महाप्रबंधक ने कहा : बीना मालखेड़ी-मुड़वारा रेल खंड का भी किया निरीक्षण

पहले जीएम ऑफिस, कोचिंग कॉम्पलेक्स का था प्रस्ताव
रेलवे की हाउबाग में लगभग चालीस एकड़ जमीन है। नैरोगेज लाइन के ब्रॉडगेज बनने के बाद खाली हुई इस जगह को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पश्चिम मध्य रेल को सौंप दिया है। इसे स्कूल और अस्पताल के रूप में बेहतर विकल्प माना जा रहा है। पमरे का मुख्यालय और रेल मंडल कार्यालय होने से शहर में बड़ी संख्या में रेल कर्मी रहते हैं। उनके बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए लंबे से कर्मचारी संघ शहर में रेलवे सेंट्रल स्कूल खोलने की मांग करता रहा है। वहीं टाटा समूह के निवेश से कैंसर मरीजों के उपचार के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। रेल कर्मियों और उनके परिजनों के असाध्य रोग से पीडि़त होने पर जांच एवं उपचार के लिए मुंबई तक भागने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

ट्रेन रुकवाकर, स्टेशन पर उतरकर की जांच
मालखेड़ी-मुड़वारा (कटनी) रेलखंड में शुक्रवार को वार्षिक निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने खुरई स्टेशन पर ट्रेन रुकवा कर सुविधाओं का जायजा लिया। स्पेशल टे्रन को रेलवे गेट नंबर-20 में रुकवा कर गेटमैन और गैंगमैन से सुरक्षा व्यवस्था के बारे में पूछा। महाप्रबंधक ने बताया कि कटनी के चार सौ करोड़ के ग्रेड सेपरेटर योजना के लिए बजट में राशि के प्रावधान के साथ ही पुन: निविदा प्रक्रिया की गई है।

Published on:
13 Feb 2021 11:14 am
Also Read
View All