नेपियर टाउन में व्यापारी निखिल अग्रवाल के घर रविवार को हुई डकैती मामले की आइजी अनंत कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में समीक्षा की
जबलपुर । नेपियर टाउन में व्यापारी निखिल अग्रवाल के घर रविवार को हुई डकैती मामले की आइजी अनंत कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में समीक्षा की। डेढ़ घंटे तक समीक्षा बैठक चली। सूत्रों की मानें तो आइजी ने घटना के खुलासे के लिए गठित आठ टीमों से अब तक की गई छानबीन की बिंदुवार जानकारी ली। लेकिन, एक भी टीम डकैतों के आसपास तक नहीं पहुंच सकी। सभी अलग-अलग अनुमान के आधार पर जांच में जुटे हैं। किसी भी टीम ने अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं जुटाई है, जिसके आधार पर केस की जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
डकैती के खुलास का पुलिस पर दबाव
शहर की पॉश कॉलोनी में शुमार नेपियर टाउन निवासी कलर लैब व्यापारी निखिल अग्रवाल, पिता केके अग्रवाल, मां कांति अग्रवाल, पत्नी वर्षा अग्रवाल व बेटा तनु को बंधक बनाकर डाली गई डकैती के खुलासे का पुलिस पर खासा दबाव है। आईजी अनंत सिंह खुद केस की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। एक दिन पहले डीआईजी ने जहां केस की समीक्षा की थी। वहीं शुक्रवार को दोपहर १२ बजे से आइजी ने कंट्रोल रूम में इस केस की जांच में गठित आठों टीम के प्रभारी व सभी सदस्यों से रूबरू हुए।
छानबीन का निचोड़ जाना
सभी से इस केस से जुड़ी उनके अब तक की छानबीन का निचोड़ जाना। सूत्रों के अनुसार आलम ये रहा कि एक भी टीम की जांच सही दिशा में नहीं मिली। सभी अलग-अलग गिरोह पर शक करते हुए जांच कर रहे हैं। एसटीएफ और सीआईडी टीम भी अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। अब पुलिस का सारा दारोमदार सीसीटीवी में कैद डकैतों के धुंधली तस्वीरों और मोबाइल सर्विलांस व टॉवर लोकेशंस में घटना के समय एक्टिव मोबाइल पर टिकी है।
समीक्षा बैठक में एसपी कुमार सौरभ, एएसपी दीपक शुक्ला, एएसपी क्राइम संदीप मिश्रा, सीएसपी ओमती एसके शुक्ला, टीआई ओमती सहित अन्य लोग मौजूद थे।