जबलपुर

यहां रात को फेरा लगाकर सेंधमारी करते हैं चोर, अब मचा शोर

पाटन में टूटे पन्द्रह दुकानों के ताले
2 min read
• •
Updated: 30 Jul 2018, 7:58 PM IST
vicious thieves threats
vicious thieves threats

जबलपुर। पाटन में किराना दुकान में हुई चोरी के विरोध में कस्बे के सभी व्यापारी आक्रोशित हो गए। सभी ने अपनी दुकानें बंद कर सिविल कोर्ट चौराहे पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने आरोप लगाए कि कस्बे में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं, लेकिन पुलिस खुलासा नहीं कर पा रही है। आलम ये है कि थाने से महज सौ मीटर पर किराना दुकान में चोरी हो जा रही है। एक व्यापारी ने सीसीटीवी कैमरे में कैद चोर की फुटेज भी सौंपे थे। इसके बावजूद पुलिस ने अब तक कोई तफ्तीश नहीं की। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

टूटे मिले शटर के ताले
जानकारी के अनुसार कस्बे के बड़े किराना व्यापारी रवि अग्रवाल रोज की तरह रात दस बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। उनकी दुकान थाने से महज सौ मीटर की दूरी पर है। सुबह लौटे तो दुकान के शटर का ताला टूटा था। अंदर काजू-किशमिश, गुड़, मसाले, दाल आदि की बोरियां गायब थी। सीसीटीवी व डीवीआर भी चोर उठा ले गए। कस्बे में १५ दिन के अंदर ये पांचवीं दुकान में चोरी हुई थी। सुबह दूसरे व्यापारियों को चोरी की खबर लगी तो वे आक्रोशित हो और दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया। लगभग आधे घंटे तक व्यापारियों का प्रदर्शन चला। मौके पर पहुंची पाटन एसडीओपी भावना मरावी द्वारा २४ घंटे में कार्रवाई की मोहलत मांगे जाने पर व्यापारी शांत हुए। पुलिस ने घंटे भर के अंदर सीसीटीवी कैमरे में कैद दो संदेहियों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ कर रही है।

इन व्यापारियों के यहां हुई चोरी
- डॉक्टर नितिन बबेले के यहां चोरी हो चुकी है
- शनिवार को अन्नू सेठ के गल्ले की दुकान से चोर तिजोरी सहित कैश उठा ले गए।
- गुड्डे उर्फ आनंद मोहन अग्रवाल के हार्डवेयर की दुकान में चोरी
- जित्तू जैन की दुकान में चोरी

शहर में भी यही हाल
चोरी की वारदातों से जबलपुर शहर अछूता नहीं है। यहां हर रोज चोरी की पचास से अधिक वारदातें हो रही हैं। थानों में अधिकांश वारदातें कागजी शिकायत के रूप में निबटा दी जाती हैं। प्रभाव और दबाव के अनुसार केवल बड़े मामलों में ही एफआईआर दर्ज हो पा रही है। जानकारों का कहना है कि चोरी की घटनाओं के मामले में पुलिस का रवैया बेहद उदासीन है। ठोस कार्रवाई नहीं होने की वजह से चोरों के हौसले बुलंद हैं।

Published on: