गांव की महिला का किया गैंगरेप, फिर लाश फेंक दी नहर में
जबलपुर। गोसलपुर थाना अंतर्गत रहने वाली 60 वर्षीय महिला की लाश मंगलवार को माइनर नहर में मिली। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार के निशान हैं। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि महिला की गैंगरेप के बाद हत्या की गई। पुलिस दो संदेहियों को चिन्हित कर एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वारदात को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।
गोसलपुर क्षेत्र की घटना: बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जताया विरोध
महिला की हत्या के बाद लाश नहर में फेंकी, गैंगरेप की आशंका, हंगामा
महिला शुक्रवार को भाई के घर श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। सोमवार को वह घर के लिए निकली थी। गांधीग्राम बस स्टैंड पर शाम 5.30 बजे उसे उतरते हुए और ऑटो में बैठते हुए देखा गया था। इसके बावजूद शाम सात बजे तक वह घर नहीं पहुंची। परिजन ने कॉल किया, तो बताया गया कि वह दोपहर में निकल गई थी। इसके बाद परिजन ने डायल-100 को सूचना दी।
पुलिया पर मिला बैग
डायल-100 के साथ परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। गांव से 500 मीटर पहले पुलिया के पास महिला का बैग और कपड़े मिले। इससे कुछ दूरी पर पुलिस को दो जींस और एक जोड़ी जूते मिले। इससे मामला गहराता चला गया। गोसलपुर पुलिस ने गुमइंसान कायम कर जींस व जूते के आधार पर एक संदेही को हिरासत में लिया। उससे रात भर पूछताछ होती रही। आखिरकार मंगलवार दोपहर उसने जुबान खोली। संदेही की निशानदेही पर पुलिस ने दोपहर में बम्होरी गांव से 700 मीटर दूर रोड के पास माइनर नहर में महिला की लाश बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि एक अन्य साथी के साथ गैंगरेप के बाद महिला की हत्या कर शव वहां फेंका था। हालांकि, पुलिस पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद प्रकरण दर्ज करने की बात कह रही है। वारदात की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो
गए थे।
प्रथम दृष्टया महिला के सिर पर वार कर हत्या किया जाना लग रहा है। प्रकरण में एक संदेही को हिरासत में लिया गया था। उसी की निशानदेही पर महिला का शव नहर से बरामद हुआ।
- भावना मरावी, एसडीओपी सिहोरा