जबलपुर

Weather : 19 अप्रेल से बारिश के आसार, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

18 अप्रेल से उत्तर भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 19 अप्रेल से फिर आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

2 min read
Apr 18, 2024

जबलपुर. अप्रेल के पहले पखवाड़े में बारिश से तापमान में गिरावट आई थी। इससे गर्मी से राहत मिली। अब फिर से मौसम में बदलाव दिख रहा है। लगातार दो दिनों से पड़ रही गर्मी की वजह से टेम्प्रेचर फिर से 38 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी जबलपुर में गर्मी का असर रहेगा। तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है। इसके बाद नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते 19 अप्रेल से फिर तेज आंधी के साथ बारिश की सम्भावना है।

दो दिन से गर्मी

अप्रेल में इस बार मौसम लगातार 11 दिन तक बदला रहा। सात अप्रेल से सम्भाग के जिलों में बारिश-ओले और आंधी का दौर शुरू हुआ था। बुधवार शाम भी जबलपुर में हल्के बादल आते जाते रहे। दोपहर को तेज गर्मी का असर दिखा। लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री के पार रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य था। रात का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम था।

आंधी की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार 18 अप्रेल से उत्तर भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 19 अप्रेल से फिर आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। जबलपुर सहित सम्भाग के सिवनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा और बालाघाट जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है। बारिश-ओले के साथ 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। भूमध्य सागर में उठे तूफान के बादल एक बार फिर भारत की तरफ बढ़ रहे हैं। इनकी गति और दिशा के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा था कि 18 अप्रेल को हिमालय पार करके राजस्थान के आसमान में प्रवेश करेंगे।

Also Read
View All

अगली खबर