मुस्लिम धर्मावलंबियों के पवित्र माह रमजान का आगाज एक मार्च से होगा। हालांकि शाबान के 29वें दिन चांद का दीदार होने के बाद ही रमजान शुरू होने की तारीख तय होती है।
Ramadan 2025 : मुस्लिम धर्मावलंबियों के पवित्र माह रमजान का आगाज एक मार्च से होगा। हालांकि शाबान के 29वें दिन चांद का दीदार होने के बाद ही रमजान शुरू होने की तारीख तय होती है। यदि 28 फरवरी को चांद नजर आता है तो एक मार्च को रमजान का पहला रोजा(Roza) रखा जाएगा। बरसों बाद ऐसा होने जा रहा है कि रमजान का महीना मार्च में गुजरेगा। मुस्लिम समाज के घर-घर में रोजेदारों ने तैयारी शुरू कर दी हैं।
जबलपुर में रहने वाले समाज के प्रवक्ता अरशद कादरी ने बताया कि सभी मस्जिदों और इबादत स्थलों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य जोरों पर है। सभी मस्जिदों को रोशनी से जगमग किया जाएगा।
मुस्लिम धर्मगुरुओं के अनुसार रमजान के महीने में पैगंबर मोहमद को खुदा से कुरान की आयतें मिली थीं। इस महीने में पहले 10 दिन के रोजे को रहमत, दूसरे 10 दिन के रोजे को बरकत और तीसरे 10 दिन के रोजे को मगफिरत का अशरा कहते हैं।
दाऊदी बोहरा समाज में रमजान के रोजे 28 फरवरी से शुरू होंगे। समाज के मुस्तफा मुनीम ने बताया कि इस वर्ष रमजान के पूरे तीस रोजे मार्च महीने में पड़ेंगे।