अवैध क्रेशर संचालन के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिकादायर करने वाले खिलाफ एक क्रेशर संचालक ने हाईकोर्ट में ऐसा शिकायत पत्र पेश कर दिया है, जिसमें एसपी ऑफिस की सील लगी हुई है। जबकि सूचना के अधिकार में मिली जानकारी के अनुसार उक्त पत्र का उल्लेख एसपी ऑफिस में कही भी नहीं है। अब याचिकाकर्ता ने एसपी से मामले की जांच करने मांग की है।
मंडला रोड स्थित जमतरा निवासी देवीसिंह पटेल ने एसपी को शिकायत कर आरोप लगाया है कि गौरेयाघाट निवासी सुदर्शन सोनकर ने हाईकोर्ट में झूठा शिकायती पत्र प्रस्तुत कर धोखाधड़ी की है। पटेल ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। पटेल ने शिकायत में कहा है कि उसने अवैध क्रशर संचालन को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इसके जवाब में सुदर्शन सोनकर ने 5 मई 2014 का फर्जी शिकायती पत्र भी संलग्न किया, जिसमें एसपी कार्यालय की सील लगी हुई है। पटेल ने कहा है कि इसकी सच्चाई जानने के लिए उसने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी। इसमें खुलासा हुआ कि उक्त दिनांक को डिसपैच शाखा के रजिस्टर में इस संबंध में कोई प्रविष्टि नहीं है। इसे गंभीर अपराध बताते हुए सोनकर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।