जबलपुर

हवा का रुख हुआ उत्तरी, सुबह-रात में बढ़ेगी ठंड

दोनों तापमान में गिरावट

less than 1 minute read
Jan 20, 2021
Wind turned north, cold in the morning and night

जबलपुर. पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ते ही बुधवार को आकाश साफ हो गया। हवा का रुख बदलकर उत्तरी हो गया। पहाड़ी राज्यों से आयी सर्द हवा से मौसम में ठंडक घुली। दो दिन पहले तक तकरीबन गायब सी लगने लगी ठंड ने बुधवार को सुबह-शाम फिर से अपना अहसास कराया। तापमान में 4 से 2.4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। रात में सर्द हवा चुभने के साथ ही सर्दी बढ़ी। दोपहर के समय तेज धूप खिलने से ठंड से राहत थी।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस था। दोनों स्तर पर तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। बुधवार को अधिकतम तापमान में गिरावट आई। यह चार डिग्री सेल्सियस लुढक़ कर 25.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम तापमान में 2.4 डिगी सेल्सियस की कमी आई। यह 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोनों स्तर पर तापमान सामान्य से महज एक डिग्री ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 77 और शाम को 53 प्रतिशत थी। उत्तरी हवा दो किमी प्रतिघंटा की गति से चली।
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर निकल गया है। बुधवार को आकाश पूरी तरह साफ था। उत्तरी हवा चलीं। इससे तापमान में गिरावट आयी है। अभी दो दिन तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट जारी रहने का अनुमान है। शुक्रवार को बन रहे एक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रविवार तक शहर में आ सकता है। उससे मौसम में फिर परिवर्तन आने की सम्भावना है।

Published on:
20 Jan 2021 09:19 pm
Also Read
View All