- वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस के पूर्व लगाई गई है रामायण पर आधारित चित्र प्रदर्शनी - कई कलाकारों की कलाकृतियां और पेंटिंग की जा रही हैं प्रदर्शित, इसी में अनुश्री विश्नोई की कलाकृति बनी है आकर्षण का केन्द्र
World Ramayana Conference : वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस के पूर्व मानस भवन परिसर में शनिवार से एक चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसमें रामचरित मानस के सुंदर कांड को पहली बार शहर की कलाकार ने एक धनुष में समाहित कर ऐसी आकृति तैयार की है, जो शहरवासियों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई। इसके अलावा देश विदेश की नामी कला संस्कृतियों की दृष्टि से रामायण और श्री राम के चरित्र को प्रदर्शित किया गया है। जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग सपरिवार पहुंच रहे हैं।
आर्टिस्ट अनुश्री विश्नोई गुप्ता ने बताया जब वल्र्ड रामायण कॉन्फ्रेंस पर रामजी के चित्रों की प्रदर्शनी लगाने की बात आई तो मैंने कहा था कि सुंदर कांड का चित्रण करूंगी। इस पर पूरा सुंदर कांड गहनता के साथ पढ़ा और उसमें 18 चौपाइयों, छंदों और दोहों की मदद से धनुष आकार में एक ऐसी कलाकृति तैयार की। जिसकी शुरुआत जामवंत द्वारा हनुमान जी को उनकी शक्तियां याद दिलाने से लेकर सुरसा वध, अशोक वाटिका, सीता से परिचय, इंद्रजीत द्वारा पाश से बांधना, लंका दहन, समुद्र पर रामजी का रौद्र रूप और अंत में रामसेतु बांधने का चित्रण किया है। इसमें छोटी-छोटी मूर्तियां पूरा सुंदर कांड प्रदर्शित कर रही हैं।
प्रदर्शनी में देश विदेश के ट्रेडिशन आर्ट को शामिल किया गया है। केरल का म्यूरल आर्ट, तंजोर चित्रण, आंध्र प्रदेश की नाक्षी गुडिय़ा, इंडोनेशिया के शेडो पपेट, श्रीलंका का देगाल दरुआ आर्ट, थाईलैंड की कलाकृतियां भी शामिल की गई हैं। इसके अलावा 1993 में साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी द्वारा बनाई गई मार्बल टाइल पर राजस्थानी मिनिएचर आर्ट लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। इसे मैग्रीफाइन ग्लास से ही देखा जा सकता है। इसे बनाने में सबसे बारीक ब्रश का उपयोग किया जाता है।
प्रदर्शनी प्रभारी शैलजा सुल्लेरे ने बताया वल्र्ड रामायण कॉन्फ्रेंस 2 जनवरी से 4 जनवरी तक चलेगी। इस दौरान पहली बार जबलपुर में उड़ीसा का सेंड आर्ट लाइव देखने का अवसर भी शहरवासियों को मिलने जा रहा है। यह प्रदेश में पहला आयोजन होगा, जहां सेंड आर्टिस्ट उड़ीसा के बाहर प्रदर्शन करेंगे। सेंड आर्टिस्ट गोपाल इसके लिए विशेष रूप से जबलपुर आ रहे हैं। वे स्मार्ट सिटी के सामने सेंड आर्ट से रामायण पर आधारित चित्रण तैयार करेंगे।