
Several people fell ill after eating pistachio barfi (फोटो- Freepik)
MP News: जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में धार्मिक आयोजन के दौरान वितरित प्रसाद खाने से हुई फूड पॉइजनिंग की घटना ने पूरे इलाके में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पिस्ता बर्फी खाने के बाद बीमार हुए 45 वर्षीय इन्द्रपाल पटेल की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोगों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। मृतक भेड़ाघाट चौराहा क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को पटेल परिवार द्वारा मंदिर में महिलाओं का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूजन के बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें भोजन के साथ प्रसाद स्वरूप पिस्ता बर्फी वितरित की गई। कार्यक्रम के कुछ घंटों बाद ही कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत शुरू हो गई। सभी को तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार के लक्षण आमतौर पर दूषित खाद्य पदार्थों में बैक्टीरिया या टॉक्सिन की मौजूदगी के कारण सामने आते हैं। विशेष रूप से दूध से बनी मिठाइयों में यदि स्वच्छता और भंडारण का ध्यान न रखा जाए तो संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। भारत में खाद्य सुरक्षा की निगरानी का दायित्व भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के पास है, जो खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी मानक तय करता है। बताया गया है कि संबंधित मिठाई भेड़ाघाट चौराहे की एक दुकान से खरीदी गई थी। मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने दुकान से नमूने जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, इन्द्रपाल पटेल की हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले मेडिकल अस्पताल से नागपुर ले जाया गया, लेकिन वहां समुचित उपचार नहीं मिल सका। बाद में उन्हें वापस जबलपुर लाया गया, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक या सार्वजनिक आयोजनों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। (MP News)
Updated on:
16 Feb 2026 03:32 pm
Published on:
16 Feb 2026 02:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
