
Bastar SP Interview: बस्तर जिले में पुलिस आम जनता की शिकायतों को दूर करने और उचित कार्रवाई करने कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। यहां दशकों से थाना क्षेत्र के परिसीमन की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बहुत जल्दी ही थानों की सीमाओं का अवलोकन कर उन्हें जनता की सहूलियत के लिए नए सिरे से सीमांकन किया जायेगा। यह बातें बुधवार को बस्तर पुलिस अधीक्षक ने कही। उन्होंने कहा कि बस्तर में बहुत जल्द ही चौकियों में संसाधन बढ़ाकर जनता की समस्याओं को सुनने और त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पिछले कई दशकों से चल रहे अंग्रेजी कानून व्यवस्था की जगह एक जुलाई से नवीन विधि भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य संहिता 2023 की शुरूआत हो रही है। इसे लेकर बस्तर में भी व्यापक रूप से जागरूकता अभियान चलाकर आम जनता को जानकारी दी जा रही है। नवीन कानून से लोगों कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार आयेगा।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि कुछ समय से जिले में आम जनता पर पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। बस्तर जिले में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने अंदरूनी क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सुरक्षा तंत्र मजबूत करने काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था और बेहतर करने इंटेलिजेंस को मजबूत करने की बात कही।
शहरी और ग्रामीण इलाके के लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने खोले गए पुलिस चौकी में संसाधन उपलब्ध कराते हुए आवश्यक सुधार किए जायेंगे। जरूरत पड़ने पर चौकियों में बलों की संया बढ़ाई जाएगी। वर्तमान समय में बस्तर की पुलिस टीम बेहतर काम कर रही है। इसे आगे भी बनाए रखने काम किया जायेगा।
औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित हो रहे नगरनार इलाके में पुलिस कानून व्यवस्था को लेकर काफी गंभीर हैं और इस इलाके में पुलिस लगातार काम कर रही है। पुलिस नगरनार प्लांट के सहयोग से लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। इसके अलावा लोकल ग्रुप के साथ मिलकर संवाद कर आम जनता को सुरक्षा पहुंचाने प्रयासरत है। धनपुंजी चेक पोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है इसके अलावा तीरिया इलाके में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
एसपी बस्तर ने कहा कि साइबर ठग तरीके बदलकर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। इसे देखते हुए बस्तर में खोले गए रेंज स्तरीय थाने में कई अहम केस सुलझाए गए हैं। वर्तमान में साइबर अपराधी दक्षिण पूर्वी एशिया के देशों से साइबर ठगी की वारदात कर रहे हैं जिसे देखते हुए लोगों को जागरूक और शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
बस्तर जिले में प्रत्येक व्यक्ति तक पुलिस की सहायता पहुंचे और कानून व्यवस्था पर आम जनता पर भरोसा दिलाने के लिए शीघ्र ही चालित थाना की शुरूआत करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ साथ कई विकासोन्मुखी कार्यक्रम चलाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एक जुलाई से लागू होने वाले नए कानून से बस्तर में महिलाओं व बच्चों को विशेष लाभ मिलने वाला है। महिला उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिये उनके शिकायत पर जांच व कार्रवाई के लिए महिला पुलिस टीम को और अधिक सशक्त किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बस्तर जिले में लगातार बढ़ रही सड़क हादसों को रोकने गंभीर प्रयास करने की बात कही है। सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले जानमाल की हानि को देखते हुए लोगों में जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। इसके साथ ही दुर्घटना जन्य क्षेत्र में जाकर होने वाले हादसों की संभावनाओं का पता लगाकर लोगों को बचने स्पीड ब्रेकर, सूचना बोर्ड और अन्य आवश्यक उपाय किए जायेंगे।