
जगदलपुर.महानगरों की तर्ज पर अब हमारे शहर में भी छेडख़ानी की घटनाओं मेें इजाफा होते दिखाई दे रहा है। स्थिति यह है कि चौराहों के इस नगर में अब घर से निकलते हुए महिलाएं व युवती खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी है। रोजाना ही मनचले खुलेआम छेड़छाड़ करते हैं। यह कहना है कि शहर की महिलाओं का।
अब और सहन नहीं करेंगी
उन्होंने बताया, घर से अकेले निकलने में उन्हें कई बार डर भी लगता है। लड़के भद्दे कमेंट्स करते हैं, पीछा करते हैं। घूरना तो आम बात हो गई है। लेकिन सामाजिक लोक-लाज के डर से वे इन हरकतों को नजरअंदाज करती है। लेकिन अब और सहन नहीं करेंगी। पर हाल ही में आप नेत्री के साथ हुई एक घटना ने सबका ध्यान इस ओर खींचा है।
आप नेत्री नम्रता सोनी के साथ दिनदहाड़े छेडख़ानी का नम्रता ने खुलकर विरोध किया। मामले ने इस कदर तूल पकड़ा कि दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने भी हस्तक्षेप कर मामले की जानकारी ली। आम आदमी पार्टी के साथ महिला संगठनों के विरोध में आने के बाद एसपी शेख आरिफ ने मामले को अपने हाथों में लिया और दोनों आरोपी लड़कों को गिरफ्तारी हुई। इस बीच पुलिस ने ऑपरेशन मजनू चलाकर इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने का दावा भी किया है। इस पूरे घटनाक्रम में नम्रता ने जो हिम्मत दिखाई वह सराहनीय है पर शहर में रोजाना ही ऐसी घटनाएं होती है जो महिलाओं के हिम्मत न दिखाने की वजह से दबकर रह जाती है।
राह चलते करते रहे गंदे कमेंट्स
इस बीच पत्रिका ने शहर की महिलाओं से बात की उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेज समेत कामकाजी व शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की घटनाएं रोज होती है। उनसे बातचीत के बाद हमने ऐसे क्षेत्रों का जायजा लिया। पीजी कॉलेज, संजय बाजार, एमएलबी रोड पर हमें कई जगह पर सड़क किनारे मनचले दिखाई दिए जो आती-जाती लड़कियों पर कमेंट्स कर रहे थे। यही नहीं लड़कियों का पीछा भी किया जा रहा था।
युवतियों ने सांझा किए कुछ बातें
* लोहांडीगुड़ा निवासी शांति नाग ने कहा कि छेड़छाड़ तब रोका जा सकता है, जब सभी माता पिता अपनी बेटी की जगह अपने बेटों को भी रोकना टोकना शुरू कर दे। लड़कों को भी सामने आकर इसका विरोध करना होगा।
* पी.जी. कॉलेज की छात्रा बिंदिया कुजूर का कहना है कि हम डरेंगें तो मनचलें डराएंगे। इसलिए डरना बन्द और आत्म सम्मान की लड़ाई शुरू करना है।
* धरमपुरा निवासी आशी का कहना है कि हम कमजोर नहीं है और ना ही हम बाहर निकलने से डर लगता है। लेकिन अब वक्त है इन मनचलों को सबक सिखाने का और इस के लिए हमें कमर कसनी होगी।
* आप नेत्री नम्रता सोनी का कहना है कि महिलाआें की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की जरूरत है। जागरूकता व शिक्षा दोनो पहलुओं में ध्यान दिये जाने की जरूरत है। हमनें अनशन भी महिलाओं के आत्म सम्मान के लिए ही किया था और हमेशा आप महिलाओं के लिए खड़ा है।
* एसपी शेख आरिफ ने कहा कि हम है महिलाओं के साथ वह डरें नहीं डटकर करे सामना जगदलपुर पुलिस उनके साथ है। महिलाएं बिना किसी डर के पुलिस को फन करे पुलिस हमेंशा उनकी सुरक्षा में ततपर है। शहर से मनचलों को भगाने के लिए शुरू करेंगे ऑपरेशन मजनू अब नहीं होगी महिलाओं से बदसलूकी।