जगदलपुर

CG Mandi Rate: मक्का के समर्थन मूल्य पर पानी फिरा, मंडियों में औने-पौने दाम, बिचौलियों की हुई चांदी

CG Mandi Rate: बस्तर जिले में मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400 रुपए प्रति क्विंटल तय होने के बावजूद किसान 1500 से 1800 रुपए में फसल बेचने को मजबूर हैं।

2 min read
2400 रुपए क्विंटल तय एमएसपी (photo source- Patrika)

CG Mandi Rate: बस्तर जिले में इस वर्ष मक्का उत्पादन बढ़ने के बावजूद किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। सरकार की ओर से मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2400 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, लेकिन हकीकत यह है कि किसान अपनी उपज 1500 से 1800 रुपए प्रति क्विंटल में बेचने को मजबूर हैं। खरीदी व्यवस्था की कमजोरियों और पारदर्शिता की कमी के चलते मक्का उत्पादक किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि मंडी व्यापारी और बिचौलिये मुनाफा कमा रहे हैं।

ये भी पढ़ें

CG Dhan Kharidi: किसान केंद्रित नीति की मिसाल, 3100 रुपए के समर्थन मूल्य से किसानों को सीधा लाभ

CG Mandi Rate: किसान खुले बाजार में व्यापारियों पर निर्भर

जिले में वर्ष 2024 में 23,290 हेक्टेयर भूमि पर मक्का की खेती की गई थी, जो वर्ष 2025 में बढक़र 25,142 हेक्टेयर हो गई। रकबा बढऩे के साथ उत्पादन भी बढ़ा, लेकिन बाजार में मांग घटने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। विगत वर्ष जिले से लगभग 4,79,171 टन मक्का की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक मात्र 53,890 टन के आसपास ही खरीदी दर्ज की गई है।

किसानों का कहना है कि धान की तरह मक्का की भी खरीदी जिला सहकारी समितियों या अन्य शासकीय एजेंसियों के माध्यम से की जानी चाहिए। वर्तमान में समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी को लेकर सहकारी समितियों को प्रोत्साहित नहीं किया गया है, जिससे किसान खुले बाजार में व्यापारियों पर निर्भर हैं।

‘‘धान के लिए तो सरकारी खरीदी होती है, पर मक्का के लिए कोई व्यवस्था नहीं। हमारी मेहनत का पूरा दाम नहीं मिल पाता। व्यापारी जो बोले, वही दाम मानना पड़ता है।’’ लक्ष्मण ठाकुर, किसान

‘‘हमारे इलाके में मक्का अच्छी फसल रही, लेकिन खरीदी बंद रहने से नुकसान हो गया। अगर सहकारी समिति खरीदी शुरू करे तो हमें सही दाम मिल सकता है।’’ रामेश्वर सिंह, किसान

उपयोग फूड प्रोसेसिंग और इथेनॉल उत्पादन

बस्तर का अधिकांश मक्का आंध्रप्रदेश और विशाखापत्तनम की ओर भेजा जाता है, जहां इसका उपयोग फूड प्रोसेसिंग और इथेनॉल उत्पादन में किया जाता है। स्थानीय स्तर पर स्थायी खरीदी केंद्रों की व्यवस्था न होने से किसानों को अपनी उपज दूर-दराज के व्यापारियों को बेचनी पड़ती है।

CG Mandi Rate: समर्थन मूल्य से 500 रुपए कम दाम

सरकार ने मक्का का एमएसपी 2400 रुपए तय किया है, लेकिन किसानों को समर्थन मूल्य से लगभग 500 रुपए कम दाम मिल रहे हैं। कई किसानों को तो 1700 से 1800 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक भाव नहीं मिल पा रहा। मजबूरी में किसान अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेच रहे हैं। केवल कोण्डागांव के 9 लैम्पस में ही मक्का खरीदी की जा रही है।

Updated on:
17 Feb 2026 03:27 pm
Published on:
17 Feb 2026 03:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर