18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dhan Kharidi: धान की खेती से बदली किस्मत, बस्तर के 10 किसानों ने कमाए 2.29 करोड़ रुपए

Paddy Procurement 2025-26: बस्तर के किसानों ने खरीफ सीजन 2025-26 में धान बेचकर 2.29 करोड़ रुपए की कमाई की। टॉप-10 किसानों में 5 आदिवासी और 3 महिला किसान शामिल हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जगदलपुर

•

image

Laxmi Vishwakarma

•

Updated: 18 Nov 2026, 9:08 AM IST

Dhan Kharidi

खेती से किसानों ने कमाए करोड़ (Photo Source- Patrika)

Dhan Kharidi: खेती में संभावनाओं की कमी नहीं, जरूरत है तो उसे सही तकनीक, बेहतर प्रबंधन और व्यावसायिक सोच के साथ करने की। बस्तर के किसानों ने पिछले खरीफ सीजन में अपने प्रदर्शन से इस बात को साबित किया है। यहां के किसानों ने बिना रकबा समर्पण किए अपने पंजीकृत उत्पादन का 80 फीसदी से अधिक धान समर्थन मूल्य पर बेचकर लाखों रुपए की आमदनी हासिल की।

खास बात यह है कि सर्वाधिक धान बेचकर कमाई करने वाले टॉप-10 किसानों में पांच आदिवासी किसान शामिल हैं, जबकि तीन महिला किसानों ने भी अपनी जगह बनाई है। इन दस किसानों ने कुल 7395.60 क्विंटल धान का विक्रय कर 2 करोड़ 29 लाख 26 हजार 360 रुपए की अनुमानित आमदनी अर्जित की। यह आंकड़े बताते हैं कि आधुनिक तकनीक और बेहतर कृषि प्रबंधन के साथ आज भी खेती समृद्धि का मजबूत आधार बन सकती है।

Paddy Farming: बोनस की राशि नहीं जोड़ी गई

3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान विक्रय के आधार पर जिले के सर्वाधिक कमाई करने वाले किसानों में करपावंड के डोमनराम दास चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने 758 क्विंटल धान बेचकर 23.49 लाख रुपए हासिल किए। पुसपाल के नरेश चंद्र दास ने 751.20 क्विंटल बेचकर 23.28 लाख रुपए, ब्रह्मिणी के आशीष दुबे ने 700 क्विंटल बेचकर 21.70 लाख रुपए और नानगुर के तुलसीराम नाग ने 677.20 क्विंटल बेचकर 20.99 लाख रुपए की अनुमानित आय अर्जित की।

इन कमाई में बोनस की राशि नहीं जोड़ी गई है यदि उनको भी शामिल कर दिया जाए तो कमाई के मामले में वे और भी आगे नजर आते हैं। इसी तरह बाबूसेमरा के किशोर चंद्र दास ने 674.40 क्विंटल धान बेचकर 20.90 लाख रुपए, मंगनार की सोमरी बघेल ने 658 क्विंटल बेचकर 20.39 लाख रुपए और मंगनार के सुबर्धन नेताम ने 640 क्विंटल बेचकर 19.84 लाख रुपए की अनुमानित आमदनी हासिल की।

सोमारू कश्यप ने हासिल किया पहला स्थान

खरीफ वर्ष 2025-26 में धान विक्रय से सर्वाधिक आमदनी अर्जित करने वालों में सरगीपाल के सोमारू कश्यप पहले स्थान पर रहे। उन्होंने 924.80 क्विंटल धान बेचकर 28 लाख 66 हजार 880 रुपए की अनुमानित आय हासिल की। मूली की महिला किसान जाम्बती कश्यप 832 क्विंटल धान के विक्रय से 25 लाख 79 हजार 200 रुपए की कमाई के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं बड़ेमारेंगा के एतेश दुबे ने 780 क्विंटल धान बेचकर 24 लाख 18 हजार रुपए की अनुमानित आय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

किसान को फायदे का सौदा साबित हो रहा

दिनेश कश्यप, अध्यक्ष, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के अनुसार किसानों को समृद्ध बनाने के लिए प्रशासन की योजनाओं के साथ-साथ अन्य तकनीकी सहायता भी पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। इसी का नतीजा है कि अब बस्तर में किसान फायदे का सौदा साबित हो रहा है। आने वाले समय में किसानों को समृद्ध बनाने के लिए और भी एक्शन प्लान तैयार किया गया है जिसे अमलीजामा पहनाकर किसानों की आय को और भी अधिक बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।

तकनीक और प्रबंधन से खेती बन सकती है मुनाफे का व्यवसाय

बस्तर के इन किसानों की सफलता खेती को लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश देती है। खेती आज भी फायदे का सौदा है, लेकिन इसके लिए परंपरागत तरीकों के साथ उन्नत बीज, मिट्टी के अनुरूप फसल चयन, समय पर खाद-पानी, आधुनिक कृषि तकनीक और बेहतर उत्पादन प्रबंधन अपनाना जरूरी है। सरकारी खरीदी व्यवस्था का सही समय पर लाभ उठाना भी किसानों की आमदनी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। पिछले साल के ये आंकड़े इस बात की मिसाल हैं कि सही दिशा में की गई मेहनत खेतों को समृद्धि का आधार बना सकती है।