
Bastar Flood: बस्तर और ओडिशा में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब इंद्रावती नदी के जलस्तर पर साफ दिखाई दे रहा है। नदी उफान पर है और जगदलपुर में इसका जलस्तर बढक़र सोमवार की शाम 8.40 मीटर तक पहुंच गया है। खतरे के निशान से ऊपर बह रही इंद्रावती का पानी पुराने पुल के ऊपर से गुजर रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पुल पर दोनों तरफ से आवाजाही रोक दी है और बेरीकेट्स लगाकर यातायात पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
जगदलपुर तहसीलदार राहुल गुप्ता के अनुसार, सोमवार रात से इंद्रावती का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पहले नदी का जलस्तर करीब 6.3 मीटर था, जो बढक़र 8.40 मीटर तक पहुंच गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी और बाढ़ प्रभावित मार्गों से दूर रहने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह 8 बजे पुराना पुल से आवाजाही जारी थी, जिसके बाद जल स्तर तेजी से बढ़ गया। एसडीआरएफ की टीम मौके पर किसी भी अनहोनी घटना को लेकर सतर्कता बरत रही है।
इंद्रावती नदी का पानी पुराने पुल के ऊपर से बहने के कारण दोनों ओर से आवाजाही रोक दी गई है। मौके पर एसडीआरएफ की टीम तैनात है और पुल से गुजरने की कोशिश कर रहे लोगों को वापस भेजा जा रहा है। टीमों को रात में ही नदी का जलस्तर बढऩे की सूचना मिल गई थी, जिसके बाद सुबह से जवानों को मौके पर तैनात कर दिया गया।
इंद्रावती नदी में बढ़े जलस्तर का असर चित्रकोट जलप्रपात में भी दिखाई दे रहा है। जलप्रपात पूरे वेग से बह रहा है और क्षेत्र में प्राकृतिक नजारा बेहद आकर्षक नजर आ रहा है। हालांकि, नदी और आसपास के नालों में तेज बहाव को देखते हुए सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है। लोगों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने की अपील की गई है। ओडिशा में इंद्रावती नदी पर बने डैम के गेट भी इन दिनों खोल दिए गए हैं इस वजह से भी बस्तर तक जल प्रवाह तेजी से बढ़ा है। बारिश कम होने पर भी नदी का जल स्तर नीचे नहीं जा रहा है।
बाढ़ का पानी बेलगांव-नगरनार को जोडऩे वाले मार्ग के ऊपर से भी बह रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से सडक़ पार करते नजर आए। प्रशासन ने ऐसे लोगों को रोकने और सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए हैं। नदी के साथ ही आसपास के नाले भी उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
लगातार बारिश और नदी-नालों के उफान के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति प्रभावित हुई है। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। उपनपाल, कुम्हारावंड, बेलगांव, धुरगुड़ा, सहित दर्जनों गांव का संपर्क कट गया है।