
जगदलपुर. मां खूबसूरत न हो चलेगी, मां शिक्षित न हो तो भी चलेगी लेकिन मां का मां होना जरुरी है। यह कहना था वीमेंस सोसायटी में जज की हैसियत से शामिल प्राचार्य सुषमा झा का। उनकी यह टीम को वीमेंस कोर्ट का समर्थन सभी ने दिया है। सोसायटी के बदलावों के साथ ही नशा का स्वरुप भी बदलता जा रहा है, हालांकि इसका दुष्प्रभाव युगों से एक जैसा ही पड़ रहा है। नशा एक बुराई के तौर पर पहले तो व्यक्ति को आदी बनाता है उसके बाद अकेला छोड़कर उसका अंत सुरिश्चत कर देता है। नशामुक्त समाज की कल्पना को साकार बनाने के लिए नैतिकता को बढ़ावा देना जरुरी है। यह विचार जगदलपुर में मंगलवार को वीमेंस कोर्ट में मौजूद जागरुक महिलाओं ने दिए।
नशा परिवार, समाज का खात्मा कर देता है
राजमहल परिसर के सामने नगरगुड़ी में हुए वीमेंस कोर्ट में नशा मुक्त समाज कैसे बने पर गृहणियों, विभिन्न सामाजिक- शैक्षणिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं व महिला बाल विकास अधिकारियों ने मुखर होकर अपने सुझाव दिए। संयुक्त रुप में महिलाओं ने स्वीकारा की नशा एक व्यक्ति शुरु तो करता है पर वह धीमे- धीमे परिवार, समाज का खात्मा कर देता है। नशा के सामानों को लेकर सरकार को भी आड़े हाथों लेते वक्ताओं ने कहा कि नशा को रोकने के लिए संविधान में भी परिवर्तन किया जा सकता है। यदि ऐसा बदलाव किया जाए तो नशा को जड़ से उखड़ा जा सकता है।