जगदलपुर

Bastar Tourism: बस्तरवासियों में बढ़ा टूरिज्म का क्रेज, श्रीनगर-मनाली पैकेज की बढ़ी डिमांड

Bastar Tourism: गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही बस्तरवासियों में टूरिज्म का क्रेज बढ़ गया है। श्रीनगर, मनाली, शिमला और धार्मिक स्थलों के टूर पैकेज की डिमांड तेजी से बढ़ रही है।
2 min read
बस्तरवासियों में बढ़ा टूरिज्म का क्रेज (photo source- Patrika)
बस्तरवासियों में बढ़ा टूरिज्म का क्रेज (photo source- Patrika)

Bastar Tourism: गर्मियों की छुट्टियों की शुरुआत होते ही बस्तर में सैर-सपाटे का उत्साह बढऩे लगा है। पहले जहां लोग सीमित बजट और लंबी दूरी की परेशानी के कारण आसपास के पर्यटन स्थलों तक ही अपनी छुट्टियां सीमित रखते थे, वहीं अब बेहतर हवाई सेवाओं और बढ़ती कनेक्टिविटी के आभाव में भी लोग परिवार सहित देश के प्रसिद्ध पर्यटन और तीर्थ स्थलों की यात्रा की योजना बना रहे हैं।

Bastar Tourism: धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल

बस्तरवासियों की पहली पसंद अब धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल बनते जा रहे हैं। इनमें अयोध्या सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा बनारस, प्रयागराज और दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए भी पूछताछ बढ़ी है। वहीं ठंडे और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में श्रीनगर, शिमला, कुल्लू-मनाली, जम्मू और वैष्णो देवी यात्रा के पैकेज लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

स्थानीय ट्रेवल एजेंसियों के अनुसार इस बार दिल्ली-शिमला-मनाली, दिल्ली-जम्मू-वैष्णो देवी-श्रीनगर, कोलकाता-गंगटोक-दर्जिलिंग और नाथुला पास के पैकेज की सबसे अधिक मांग है। सिक्किम, उत्तराखंड और गंगटोक के टूर पैकेज के लिए भी लोग लगातार संपर्क कर रहे हैं।

कोरोना काल के बाद बदला ट्रेंड

पहले बस्तर के लोग स्थानीय पर्यटन स्थलों में ही छुट्टियां बिताना पसंद करते थे, क्योंकि यहां प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों की कमी नहीं है। लेकिन पिछले तीन-चार वर्षों में, खासकर कोरोना काल के बाद, लोगों की सोच में बड़ा बदलाव आया है। अब लोग देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जाकर नई जगहों और संस्कृतियों को करीब से देखना पसंद कर रहे हैं।

शिमला-मनाली और श्रीनगर सबसे ज्यादा पसंद

Bastar Tourism: शहर के टूर ऑपरेटरों के मुताबिक गर्मियों में बस्तरवासी ठंडे प्रदेशों में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेना चाहते हैं। यही वजह है कि अब लोग अपने बजट के अनुसार देशभर के टूर पैकेज चुन रहे हैं। श्रीनगर, शिमला, कुल्लू-मनाली और वैष्णो देवी यात्रा सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। वहीं गंगटोक-दर्जिलिंग और नाथुला पास का आकर्षण भी लगातार बढ़ रहा है।

पसंदीदा पर्यटन स्थलों में ये शामिल: जम्मू-कश्मीर, शिमला, लेह-लद्दाख, कुल्लू-मनाली, गोवा, रोहतांग पास, जयपुर, अयोध्या, पुरी, केरल, ऊटी, नैनीताल, रानीखेत और माउंट आबू इस बार लोगों की पसंदीदा डेस्टिनेशन सूची में शामिल हैं।

बस्तर में अब लोग घूमने-फिरने पर खर्च करना पसंद कर रहे हैं। पहले लोग बचत को प्राथमिकता देते थे, लेकिन अब देश-दुनिया की नई जगहों को देखने और अनुभव लेने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं— शैलेश अग्रवाल, टूरिस्ट एडवाइजर

Published on:
08 May 2026 01:14 pm