
TB free Bastar campaign: टीबी मुक्त बस्तर के अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जमकर पसीना बहाया है। पिछले एक महीने की तरफ नजर डालें तो स्वास्थ्य विभाग की टीम करीब 10 लाख लोगों के पास पहुंची और उनका स्क्रीनिंग किया। इसमें मात्र 4422 ही संदिग्ध मिले जिनमें 3272 लोगों की टीबी की जांच की गई।
अच्छी बात यह रही की इसमें मात्र 22 संक्रमित ही मिले। 10 लाख लोगों की स्क्रीनिंग के बाद मात्र 22 संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मिशन 2023 के तहत बस्तर को टीबी मुक्त करने की उम्मीद भी बढ़ गई है। इन आंकड़ों को स्वास्थ्य विभाग उपलब्धि मान रही है और उनका कहना है कि इस साल बस्तर को टीबी मुक्त किया जा सकता है।
पूरे साल चलेगा अभियान
सीएमएचओ आरके चतुर्वेदी ने बताय कि जिस तरह शासन ने लक्ष्य रखा है कि वर्ष 2023 में बस्तर को टीबी मुक्त बनाना है। उसे देखते हुए इस इस सालभर टीबी के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसमें भी शुरूआती छह महीने में यह काफी तेज रहेगा। जिससे की ज्यादा से ज्यादा लोगों तक स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच सके और ऐसे संक्रमितों की पहचान कर उनका इलाज शुरू हो जाए। साथ ही यह भी ख्याल रखा जाएगा। ऐसे मरीजों को साल के अंत तक पूरी तरह से ठीक भी कर दिया जाए।
जिले में टीबी उन्मूलन को लेकर किए जा रहे प्रयासों में वर्ष 2022 को बस्तर जिले को बड़ी सफलता मिली। इस गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों की खोज, संवेदनशील इलाकों में जांच, सर्वे के दौरान संभावित मरीजों की पहचान, उनका समय पर इलाज सहित निक्षय पोर्टल पर समय से हुई एंट्री आदि प्रमुख कारणों के चलते टीबी इंडेक्स रैंकिंग में 78 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए बस्तर जिला प्रदेश के अन्य जिलों को पीछे छोड़ते हुए राज्य में पहले नंबर पर आ गया है। दरअसल जिले में क्षय रोग से मुक्ति के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाया जाता रहा है। इसके तहत यहां के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में क्षय रोगियों (टीबी रोगियों) की पहचान की गई।
सीएमएचओं ने कहा कि क्योंकि पिछले तीन साल से यह अभियान साल भर चल रहा है और एक महीने टीम 10 लाख की स्क्रीनिंग कर रही है। संदिग्धों और ग्रामीण इलाकों तक पहुंचने में ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। इस साल शासन की मंशानुरूप बस्तर को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है।
इतने प्रकार से होती है टीबी की जांच
टीबी या क्षय रोग की जांच करने के लिए कई माध्यम हैं, जैसे- छाती का एक्स-रे, बलगम की जांच, स्किन टेस्ट, सीबी नाट आदि। इसके अलावा आधुनिक तकनीक के माध्यम से आइजीएम हीमोग्लोबिन जांच कर भी टीबी का पता लगाया जा सकता है। सभी जांच हर सरकारी हॉस्पिटल में नि:शुल्क करवाई जाती हैं।
34 एक्टिव डीएमसी में टीबी की जांच हो रही
टीबी की जांच के लिए जिले में 34 एक्टिव डीएमसी(डेजिगनेटेड माइक्रोस्कोपी सेंटर) हैं। इसके अतिरिक्त 8 शासकीय अस्पतालों में एक्स-रे की सुविधा है। बस्तर में डॉट सेंटर्स या डॉट प्रोवाइडर्स के माध्यम से भी टीबी से पीड़ित मरीजों को घर के पास या घर पर ही दवाई उपलब्ध कराई जा रही है। जिसका फायदा लोगों को मिल रहा है। इस बीमारी से होने वाली मौतों में कमी आ रही है।