जगदलपुर

Weather Alert : अगले 24 घंटे में वज्रपात के साथ होगी धुआंधार बारिश.. IMD ने बस्तर समेत कई इलाकों में अलर्ट किया जारी

Weather Alert In Chhattisgarh : मौसम विभाग के अनुसार अभी 24 घंटे तक दिन का तापमान इसी तरह से बना रहेगा और शुक्रवार से मौसम सामान्य होने के बाद अधिकतम तापमान वापस 30 डिग्री के बीच पहुंचेगा। बस्तर संभाग में आज सुबह से शाम तक बारिश की स्थिति बनेगी। इसके बाद मौसम खुलेगा। शुक्रवार तक सिस्टम कमजोर पडऩे पर मौसम खुलेगा।

3 min read
Dec 07, 2023

Heavy Rain Alert In Chhattisgarh : मिचोंग तूफान इस वक्त सबसे मजबूत स्थिति में है, प्रदेश में अगर किसी संभाग पर इस तूफान का सबसे ज्यादा असर पड़ा है तो वह बस्तर है। यहां पिछले तीन दिनों से तूफान की वजह से मौसम बदला हुआ है। मंगलवार से जारी बारिश का क्रम बुधवार रात तक जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र ने तूफान को लेकर जो अपडेट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार मिचोंग का सिस्टम अभी उत्तर-पूर्व तेलंगाना और उससे लगे दक्षिण छत्तीसगढ़-दक्षिण, अंदरूनी ओडिशा-तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर में कमजोर होकर चिन्हित निम्न दाब के क्षेत्र के रूप में स्थित है।

इसके साथ उपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका चिन्हित निम्न दाब के क्षेत्र से दक्षिण तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में हरियाणा और उसके आसपास 3.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। बस्तर संभाग में गुरुवार सुबह से शाम तक बारिश की स्थिति बनेगी। इसके बाद मौसम खुलेगा। शुक्रवार तक सिस्टम कमजोर पडऩे पर मौसम खुलेगा।

उसके अनुसार अगले 24 घंटे तक बस्तर में इसी तरह से बारिश होती रहेगी। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार तूफान का असर शुक्रवार सुबह से कमजोर होगा। यानी आज गुरुवार को बस्तर में बारिश की स्थिति बनी रहेगी। शुक्रवार सुबह मौसम खुलते ही घना कोहरा छाएगा और फिर उसके बाद न्यूनतम तापमान नीचे जाएगा और अधिकतम तापमान बढ़ेगा।

अभी तूफान के बीच न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है इसलिए दिन में भी लोग रेनकोट के साथ गर्म कपड़े में नजर आ रहे हैं। यह स्थिति अभी 24 घंटे तक बने रहने का अनुमान है। तूफान के बीच हवा की गति भी बढ़ गई है। बुधवार को संभाग में सबसे तेज गति से हवा दंतेवाड़ा में चली यहां पर हवा की अधिकतम रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे रिकॉर्ड की गई। वही बीजापुर में 27 और कांकेर में 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा। बुधवार को जगदलपुर शहर का अधिकतम तामपान 23.6 डिग्री और न्यूनतम 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।

बारिश के बीच दिन में चल रही सर्द हवा चुभ रही : बारिश के बीच कहीं 30 किमी प्रति घंटे तो कहीं 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। दिन का तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच पहुंच जाने की वजह से हवा सर्द हो चुकी है और वह चुभ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अभी 24 घंटे तक दिन का तापमान इसी तरह से बना रहेगा और शुक्रवार से मौसम सामान्य होने के बाद अधिकतम तापमान वापस 30 डिग्री के बीच पहुंचेगा।

ताजा अपडेट स्काईमेट वेदर के अनुसार मिचोंग का ताजा अपडेट कह रहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान, तमिलनाडु के उत्तरी तट और तटीय आंध्र प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। जबकि दक्षिणी ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यानी बस्तर में अभी बारिश की संभावना बनी हुई है।

24 घंटे में 10 एमएम से ज्यादा बारिश रिकॉर्र्ड

मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार जगदलपुर शहर में बुधवार को 24 घंटे के भीतर 10 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। रिमझिम बारिश की वजह से बारिश का आंकड़ा अभी नीचे है। भारी बारिश की स्थिति यहां नहीं बनी है इसलिए 10 एमएम के आसपास ही बारिश हो पाई है। आगे यह आंकड़ा बढ़ सकता है।

आज शाम या कल से सामान्य होगा मौसम

मिंचौग तूफान का असर अभी समूचे बस्तर पर है। गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह तूफान का सिस्टम कमजोर पड़ेगा और मौसम इसके साथ ही सामान्य होना शुरू जाएगा। गुरुवार सुबह से दोपहर तक बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।

- एचपी चंद्रा, मौसम वैज्ञानिक

Published on:
07 Dec 2023 01:13 pm
Also Read
View All