जगदलपुर

महतारी वंदन के लिए महिलाओं की परेशानी नहीं हो रही खत्म, अब नई दिक्कत है ये

महिलाएं बोलीं-आधार कार्ड लिंक की अनिवार्यता से पहले अवगत करवा देते तो इतनी परेशानी नहीं होती

2 min read
Feb 28, 2024
महतारी वंदन योजना

जगदलपुर। महतारी वंदन योजना के लिए पात्र महिलाओं की अंतिम सूची १ मार्च को जारी होगी। इससे पहले विभाग ऐसी महिलाओं से संपर्क कर रहा है जिनका नाम अनंतिम सूची में नहीं आ पाया है। महिलाओं का नाम इस सूची में इसलिए नहीं आया है क्योंकि उनका बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक नहीं था या फिर उनका बैंक अकाउंट एक्टिव नहीं था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं ऐसी महिलाओं तक पहुंचकर उनसे आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक करवाने के लिए कह रही हैं। जिन महिलाओं का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक हो गया है, उनसे बकायदा एक रजिस्टर में साइन तक लिया जा रहा है। वहीं जिन महिलाओं का आधार कार्ड खाते से लिंक नहीं हो पाया है वे बैंक और पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इस बीच एक नई समस्या महिलाओं के सामने और आ रही है और वह यह है कि महिलाओं का आधार कार्ड अगर अपडेट नहीं है तो वह लिंक नहीं हो पा रहा है। ऐसी महिलाएं अब कह रही हैं कि अगर आधार का बैंक खाते से लिंक होना इतना जरूरी था तो फॉर्म जमा करवाते वक्त ही इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी। तब उनके पास पर्याप्त समय था और आसानी से सारा काम समय पर कर लेतीं। अब जब एक से दो दिन बचा हुआ है तो काम नहीं हो पा रहा है।

चलती रहेगी प्रक्रिया, आगे भी नाम जुड़ेंगे
जिला परियोजना अधिकारी अरुण पांडेय ने बताया कि महतारी वंदन योजना अब शासन की सतत चलने वाली प्रक्रिया होगी। इसलिए कोई भी महिला इस बात को लेकर चितिंत ना हो कि उसका नाम इस बार नहीं जुड़ा तो आगे भी उसे योजना का लाभ नहीं मिलेगा। आवेदन का अगला चरण जब शुरू होगा तो उन महिलाओं का नाम जोड़ा जाएगा। जिले में १ लाख ९४ हजार से ज्यादा महिलाओं के नाम पात्र सूची में है। अब जब १ मार्च को अंतिम सूची आएगी तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि कितनी महिलाओं ने आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक कर लिया। इसके बाद ही महिलाएं हर महीने १ हजार रुपए प्राप्त करने की हकदार होंगी।

ऑनलाइन भुगतान होगा इसलिए आधार लिंक करवा रहे
योजना की राशि महिलाओं को सीधे उनके बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करके दी जाएगी इसलिए बैंक खाते का आधार कार्ड से लिंक होना जरूरी है। डीबीटी के सॉफ्टवेयर में जब भी कोई राशि ट्रांसफर की जाती है तो संबंधित खाते का आधार कार्ड से लिंक होना जरूरी होता है। यही वजह है कि महिलाओं से विभाग आधार कार्ड लिंक करवाने के लिए कह रहा है। जिस भी महिला का बैंक खाता 1 मार्च से पहले तक आधार कार्ड से लिंक हो जाएगा उसे 8 मार्च को योजना की राशि बैंक खाते में जरूर मिलेगी। विभाग के अधिकारी बार-बार कह रहे हैं कि किसी भी पात्र महिला का नाम योजना से कटेगा नहीं।

अनंतिम सूची आने के बाद महिलाओं की भाग-दौड़ ज्यादा बढ़ी
विभाग महतारी वंदन योजना की वेबसाइट पर लगातार आवेदन की स्थिति अपडेट कर रहा था। महिलाएं वेबसाइट में सत्यापित दिखने पर ही खुद को योजना के लिए पात्र मान रही थीं, लेकिन जैसे ही २५ फरवरी को अनंतिम सूची जारी की गई महिलाओं की चिंता बढ़ गई। ऐसी महिलाएं जिनका नाम अनंतिम सूची में नहीं था वे विभाग से जानकारी लेने के लिए भाग-दौड़ करने लगीं। विभाग ने खुद भी महिलाओं को आधार कार्ड की अनिवार्यता की जानकारी दी।

Published on:
28 Feb 2024 10:22 pm
Also Read
View All