मृतक के पास सुसाइड मिला नोट
जयपुर। विधाकयपुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात फंदा लगाकर एक व्यवसायी ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। मृतक की दस दिन बाद शादी होने वाली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को मृतक के पास सुसाइड नोट मिला है।
पुलिस ने बताया कि मृतक श्रेयांश अग्रवाल (28) पुत्र राजेन्द्र कुमार मूलत: गोविन्दगढ़ सीकर का रहने वाला था। वह सस्वती मार्ग एमआईरोड पर राजस्थान खादी मण्डल के पास रहता था और मसाले का व्यवसाय करता था। रात करीब साढ़े 10 बजे वह घर पहुंचा। खाना खाने के बाद वहां पास रहने वाले साथियों से बाचतीत कर अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात उसने रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह करीब सवा 9 बजे पड़ोसी साथी चाय पीने के लिए उसे बुलाने कमरे में पहुंचे, तो वह फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सुसाइड नोट मिला
पुलिस को मृतक के पास सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है यह मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या से कर रहा हूं। मैं अपने जीवन से बहुत दुखी व परेशान हूं। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पूरी हो चुकी थी शादी की तैयारियां
पड़ौसियों ने पुलिस को बताया कि श्रेयांश एक मिलनसार और हंसमुख युवक था। वह अपने काम से काम रखता था। उसका 29 अप्रैल को विवाह होना था। जिसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। रात को बात चीत के दौरान वह बहुत खुश नजर आ रहा था। उसने साथ में बैठकर शादी के कार्ड देने के लिए लिस्ट भी तैयार की थी। जब सुबह उसके आत्महत्या करने की सूचना मिली तो एकाएक यकीन भी नहीं हुआ कि वो ऐसा कर सकता है।