जयपुर

सौतेले पिता ने 14 साल की किशोरी को तीन लाख में बेचा, 40 साल के व्यक्ति से कराई शादी

राजस्थान में नाबालिग बच्चों की खरीद-फरोख्त और बाल विवाह के मामले थमने के नाम नहीं ले रहे हैं। अब धौलपुर में एक 14 वर्षीय किशोरी को 40 साल के व्यक्ति को बेचने का मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Updated: 16 Sep 2022, 1:02 PM IST
14 Year Old Girl Sold By Step Father In Jaipur
सांकेतिक तस्वीर

जयपुर। राजस्थान में नाबालिग बच्चों की खरीद-फरोख्त और बाल विवाह के मामले थमने के नाम नहीं ले रहे हैं। अब धौलपुर में एक 14 वर्षीय किशोरी को 40 साल के व्यक्ति को बेचने का मामला सामने आया है।

अधेड़ ने किशोरी से शादी कर ली और उसे 9 माह तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान किशोरी गर्भवती नहीं हुई तो उसके साथ मारपीट भी की। ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर किशोरी दो दिन पहले घर से भाग निकली। बचपन बचाओ आंदोलन संस्था को मंगलवार शाम को जयपुर के जवाहर सर्कल पार्क में किशोरी बैठी मिली। किशोरी को परेशान देखकर संस्था की जयाशशि शर्मा व पार्वती कंवर ने उससे बातचीत की तो यह हकीकत सामने आई।

संस्था की सहायक परियोजना अधिकारी जयाशशि किशोरी को जवाहर सर्कल थाने लेकर पहुंची और इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई। थानाधिकारी राधा रमण गुप्ता ने बताया कि किशोरी धौलपुर निवासी है और उसकी धौलपुर के ही व्यक्ति से शादी हुई। जीरो नंबर की एफआइआर दर्ज कर धौलपुर के संबंधित थाने को जांच के लिए भिजवा दी है। किशोरी को बालिका गृह में रखवाया गया है।

आत्महत्या नहीं कर पाई तो भाग आई
किशोरी ने बताया कि उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली और सौतेले पिता के साथ वह रहने लगे। सौतेले पिता ने 3 लाख रुपए में धौलपुर के 40 वर्षीय व्यक्ति को बेच दिया। खरीदार ने 11 दिसम्बर 2021 को शादी कर ली और तभी से उसे ससुराल में बंधक बनाकर रख लिया। गर्भवती नहीं हुई तो आरोपी पति उससे मारपीट करता। उसके इनकार करने पर भी संबंध बनाता। घर का पूरा काम भी करवाया जाता। प्रताड़ना की अति होने पर आत्महत्या करने की सोची, लेकिन डर गई और घर से भागकर जयपुर आ गई।

Published on: