
नाहरगढ थाना इलाके में 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस आरोपी का डीएनए टेस्ट करवाएगी।
पुलिस ने बुधवार को एससी एसटी मामलों के साथ ही पोक्सो एक्ट की विशेष अदालत के समक्ष अर्जी लगाते हुए आरोपी अजय सिंह का पुलिस रिमांड मांगा। जज पूनम दरगन ने पुलिस की अर्जी को मंजूर कर आरोपी का एक दिन का रिमांड देते हुए उसे 9 फरवरी को कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को शिनाख्त परेड के लिए कोर्ट के आदेश से न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। पीडिता ने आरोपी की पहचान कर ली है। अब आरोपी का डीएनए टेस्ट करवाने के लिए इसका सेंपल लिया जाना है। ऐसे में आरोपी का रिमांड मांगा।
पुलिस ने पीडिता के पिता की रिपोर्ट के बाद अजय सिंह के खिलाफ पोक्सो एक्ट के साथ ही दुष्कर्म की धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीडि़ता ने पिछले दिनों सात माह की एक बच्ची को जन्म दिया था। तब जाकर घरवालों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।